बलिया बेलौन : बलिया बेलौन के हरनाथपुर गांव में जिला परिषद सदस्य राजीव कुमार मंडल, मुखिया मो मेराज आलम के नेतृत्व में ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए हरनाथपुर गांव में सड़क के किनारे बने महाराज स्थान को बचाने की मांग स्थानीय प्रशासन से की है. ज्ञात हो कि बलिया बेलौन से हरनाथपुर होते हुए सदापुर तक जाने वाली प्रधानमंत्री सड़क निर्माण में महाराज स्थान को हटाने का आदेश सड़क निर्माण के ठेकेदार द्वारा दिया गया है.
स्थानीय मुखिया मो मेराज आलम ने बताया कि महाराज स्थान को हटाना अच्छी बात नहीं है. सड़क निर्माण हो इसके लिए संवेदक को दूसरा रास्ता अपनाते हुए महाराज स्थान के बगल से सड़क बनाना चाहिए. उन्होंने कहा कि वहां सड़क बनाने के लिए पर्याप्त जगह उपलब्ध है. इसके बावजूद सड़क निर्माण के लिए महाराज स्थान को हटाने का आदेश किस स्थिति में दिया गया है. विरोध प्रदर्शन कर रहे लोगों ने बताया कि वर्षों से यहां महाराज स्थान बना हुआ है.
जिला परिषद सदस्य राजीव मंडल ने कहा कि महाराज स्थान को हटाने से यहां का सौहार्द बिगड़ सकता है. मुखिया मेराज आलम ने बताया कि इस मामले को लेकर सड़क निर्माण के कार्यपालक अभियंता से मिलकर मामले का समाधान करने का आग्रहा किया जायेगा. अनुमंडल पदाधिकारी फिरोज अख्तर से मिल कर मामले की जांच करने का आग्रह करेंगे. उन्होंने कहा की महाराज स्थान अपनी जगर स्थित रहे एवं प्रधानमंत्री सडक का र्निमाण हो यही प्रयास होनी चाहिए.
