Police Action: कटिहार जिले में पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा के निर्देश पर चलाए गए विशेष समकालीन अभियान के तहत जिला पुलिस ने व्यापक कार्रवाई करते हुए 94 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है. अभियान का उद्देश्य अपराधियों की गिरफ्तारी, मादक पदार्थों की तस्करी पर रोक और शराबबंदी कानून का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना है.
स्मैक, शराब और नकदी बरामद
पुलिस अभियान के दौरान 103.62 ग्राम स्मैक, 202.32 लीटर विदेशी शराब, तीन मोटरसाइकिल, दो कार, चार मोबाइल फोन और 84,750 रुपये नकद बरामद किए गए. जब्त सभी सामानों को विधिसम्मत प्रक्रिया के तहत कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है.
वाहन जांच में वसूला गया जुर्माना
सघन वाहन जांच अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों से कुल 1,47,500 रुपये जुर्माना वसूला गया. पुलिस ने बताया कि यह अभियान नियमित रूप से जारी रहेगा.
अपराध और शराब तस्करी के खिलाफ लगातार कार्रवाई
कटिहार पुलिस ने बताया कि जिले में असामाजिक तत्वों और अपराधियों की गिरफ्तारी के साथ-साथ शराब के सेवन, बिक्री, भंडारण, निर्माण और परिवहन पर प्रभावी रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है. इसके अलावा अवैध देशी शराब की भट्टियों को ध्वस्त करने और मादक पदार्थों के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए भी विशेष कार्रवाई जारी है.
अभियान आगे भी रहेगा जारी
Police Action: पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के लिए विशेष समकालीन अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा. आम लोगों से भी किसी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गयी है.
