मुफस्सिल थाना क्षेत्र के माेंगरा गांव की घटना
छह अपराधियों ने घटना को दिया अंजाम
कटिहार : मुफस्सिल थाना क्षेत्र के मोंगरा में मंगलवार की रात छह अपराधियों ने घर में प्रवेश कर सोते हुए वृद्ध की गोली मारने के साथ ही धारदार हथियार से प्रहार कर उसकी हत्या कर दी. घटना की जानकारी मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची तथा मामले की जानकारी एसपी को दी. सूचना पर एसपी भी घटनास्थल पर पहुंचे व छानबीन की. एसपी के निर्देश पर पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम देर रात ही करा दिया. घटना के बाबत मृतक के पुत्र के बयान पर प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस मामले की जांच में जुटी है. मोंगरा निवासी मो इकरामुल (65) घर के
घर में घुस…
बाहरी हिस्से में बने एक कमरे में सोये हुए थे. रात तकरीबन 10.30 बजे छह अपराधी मुख्य गेट में लगे छोटे गेट से अंदर प्रवेश किये और सो रहे इकरामुल को गोली मार दी. इसके बाद अपराधी उसे घसीटते हुए आंगन में ले गये व हथियार के बल पर घर के सदस्यों के सामने ही उसके शरीर पर धारदार हथियार से प्रहार कर माैत के घाट उतार दिया. इसके बाद अपराधी घर के पीछे के रास्ते से फरार हो गये. इधर मृत इकरामुल का पुत्र जमाल घर पर ही था. घर में चीख-पुकार सुनकर आसपास के सैकड़ों लोग इकट्ठा हो गये. सूचना मिलते ही मुफस्सिल थानाध्यक्ष विश्वजीत कुमार, अवर निरीक्षक अमृत लाल वर्मन सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे. इसके बाद एसपी डॉ सिद्धार्थ मोहन जैन भी मोंगरा पहुंचे व परिजनों से पूछताछ की.
12 एकड़ जमीन के विवाद में की गयी हत्या
इकरामुल को छह पुत्र व पांच पुत्रियां हैं. इकरामुल के पुत्र जमाल व तारिक ने बताया कि उसके पिता की 12 एकड़ जमीन को लेकर हसीब खां से रंजिश चल रही थी. संभवत: उन्हीं लोगों ने उनके पिता की हत्या करायी हो. तारिक ने बताया कि पूर्व में भी उसके पिता की हत्या का प्रयास किया गया था. इसे लेकर मुफस्सिल थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी गयी थी. इसमें हसीब खां, मुबारक हुसैन, विल्सन, कासिब, अफरोज को नामजद भी किया गया था. इकरामुल के पुत्र ने आशंका जतायी कि इन्हीं लोगों ने उसके पिता की हत्या कर दी है. फिलहाल पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है.
शव के पास शोकाकुल परिजन.
मंगलवार की रात एक वृद्ध की हत्या गोली मारकर व धारदार हथियार से कर दी गयी है. पुलिस मृत इकरामुल के पुत्र के बयान पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच कर रही है. हत्या की वजह जमीन विवाद बतायी गयी है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही पता चलेगा कि उसे गोली लगी थी अथवा नहीं. अपराधी शीघ्र ही पुलिस गिरफ्त में होंगे.
