कटिहार बंद कराया, सड़क जाम कर आगजनी

सौरभ अपहरण कांड . बरामदगी की मांग को लेकर सड़क पर उतरे लोग, पुलिस के प्रति जताया आक्रोश प्रदर्शन के दौरान आप नेता विक्टर झा से बातचीत करते अधिकारी. सौरभ के लापता होने के छह दिन बीत जाने के बाद भी उसकी बरामदगी नहीं होने पर रविवार को लोगों का गुस्सा फूट पड़ा. आक्रोशित लोगों […]

सौरभ अपहरण कांड . बरामदगी की मांग को लेकर सड़क पर उतरे लोग, पुलिस के प्रति जताया आक्रोश

प्रदर्शन के दौरान आप नेता विक्टर झा से बातचीत करते अधिकारी.
सौरभ के लापता होने के छह दिन बीत जाने के बाद भी उसकी बरामदगी नहीं होने पर रविवार को लोगों का गुस्सा फूट पड़ा. आक्रोशित लोगों ने सड़क पर आगजनी कर आवागमन ठप कर दिया. साथ ही शहर की दुकानों को बंद कराया. बाद में लोगों ने एसडीओ व एसडीओ के आश्वासन पर सड़क जाम हटाया.
कटिहार : सौरभ अपहरण कांड के छह दिन बीत जाने के बावजूद सौरभ की बरामदगी करने में पुलिस विफल साबित हुई है. इससे आक्रोशित लोगों का गुस्सा रविवार को फूट पड़ा. लोगों ने शहीद चौक पर टायर जला कर सड़क को पूरी तरह से बाधित कर दिया. इससे आवागमन पूरी तरह से ठप हो गया. प्रदर्शनकारियों ने शहर में घूम-घूम कर दुकानों को बंद कराया. इस दौरान लोगों ने जमकर पुलिस-प्रशासन के विरोध में नारेबाजी कर आक्रोश प्रकट किया. आम आदमी पार्टी के तत्वाधान में कटिहार बंद का मिला जुला असर देखने को मिला. इस प्रदर्शन में सौरभ के परिजन भी शामिल थे.
सभी शहीद चौक व बाटा चौक पर आगजनी कर सौरभ की बरामगदी के साथ एसपी व पुलिस के विरुद्ध नारेबाजी कर रहे थे. इधर शहर बंद की घोषणा पर नगर थाने में बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गयी थी. नगर थानाध्यक्ष एवं नगर थाने में पदस्थापित सभी पुलिस पदाधिकारी आंदोलनकारियों को समझाने के प्रयास में लगे थे.
घटना की जानकारी मिलते ही कटिहार एसडीपीओ व एसडीओ नगर थाने पहुंचे व आंदोलनकारियों के साथ पीड़ित परिवार से बातचीत कर उन्हें आश्वस्त किया कि पुलिस शीघ्र ही मामले का पटाक्षेप कर लेगी. इसके बाद आंदोलनकारियों ने जाम हटाया. वहीं सात घंटे शहीद चौक जाम रहने से लोगों को भी खासी कठिनाई का सामना करना पड़ा. हर्वल व्यवसायी जयप्रकाश चौधरी के पुत्र सौरभ को लापता हुए रविवार को छह दिन बीत गये. घटना बाबत पिता के बयान पर स्थानीय थाने में अपहरण का भी मामला दर्ज कर लिया गया है, लेकिन मामले में पुलिस अबतक विफल है.
आंदोलनकारियों में पुलिस के प्रति क्षोभ : लापता सौरभ का सुराग नहीं मिलने पर आंदोलनकारियों में पुलिस के प्रति रोष था. पीड़ित की मां कंचन देवी बार-बार एसपी से गुहार लगा रही थीं. बहन निशा व मां कंचन ने कहा कि घटना को छह दिन बीत गये, लेकिन अब तक कटिहार एसपी की ओर से उन लोगों को किसी प्रकार का आश्वासन नहीं दिया गया है और न ही वे उन लोगों से मिलने ही आये. इस बात को लेकर पीड़ित परिवार व आंदोलन में शामिल लोगों में पुलिस के प्रति रोष था. आप नेता श्री झा ने कहा कि मामले के छह दिन बाद भी अबतक लापता सौरभ की बरामदगी नहीं होना पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़ा करता है. अबतक एसपी न ही पीड़ित परिवार से मिले और न ही उन्हें आश्वासन देने की जहमत उठायी है.
जाम की वजह से आम लोगों को भी हुई दिक्कत
आम आदमी पार्टी के मिथिलांचल प्रभारी विक्टर झा के नेतृत्व में रविवार को कटिहार बंद कराया गया. सुबह से ही आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता व नेताद्वय शहीद चौक पर पहुंच गये. शहीद चौक पर टायर में आग लगाकर मुख्य मार्ग को जाम कर दिया. शहीद चौक को चारों ओर से रस्सी व बांस से घेर कर आवागमन पर भी रोक लगा दी गयी
. शहरबंदी को लेकर श्री झा ने शहरी क्षेत्र के दुकानदारों से अपील करते हुए दुकानों को बंद कराया. श्री झा ने दुकानदारों से कहा कि सौरभ की बरामगदी को लेकर भगवान से प्रार्थना करने के साथ ही इस आंदोलन में उन्हें समर्थन दें, ताकि पुलिस पर दबाव बनाकर सौरभ की बरामदगी करायी जा सके. शहर के बाटा चौक, गर्ल्स स्कूल रोड, पानी टंकी चौक,
दौलतराम चौक, शिवमंदिर चौक, कालीबाड़ी रोड व एमजीरोड में घूम-घूम कर माइकिंग कर दुकानें बंद करायी गयीं. बंद से शहर के शहीद चौक व कटिहार शहर दोपहर तक प्रभावित रहा. इस दौरान बाजार की दुकानें बंद रहीं तथा वाहनों का आगामन भी ठप रहा. इस प्रकार की बंदी के कारण लोगों को भी कठिनाई का सामना करना पड़ा.
आश्वासन मिलने पर लोगों ने हटाया जाम
जाम की जानकारी मिलते ही एसडीपीओ लाल बाबू यादव, एसडीओ सुभाष प्रसाद, नगर थानाध्यक्ष निर्मल कुमार यादवेंदू, अवर निरीक्षक विद्यानंद पांडे, अनिरुद्ध शास्त्री, अजतुल्ला खां सहित आंदोलनकारियों को समझाने बुझाने में जुट थे. एसडीपीओ व एसडीओ के आश्वासन पर लोगों ने सड़क से जाम हटाया. एसडीपीओ ने कहा कि मामले में वैज्ञानिक तरीके से जांच कर शीघ्र ही लापता सौरभ को बरामद किया जायेगा. मामले में जो भी लोग शामिल हैं उनके विरुद्ध पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >