आजमनगर : कानपुर के पास इंदौर से पटना आ रही इंदौर-पटना एक्सप्रेस के दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद उस ट्रेन में सफर कर रहा कटिहार का युवक भी लापता है. हादसे के बाद से उक्त ट्रेन में सफर कर रहे आजमनगर प्रखंड के महेशपुर पंचायत निवासी मो अशफाक (30) पिता दविरुद्दीन कोई अता पता नहीं है. मो अशफाक उक्त ट्रेन से अपने घर वापस लौट रहे थे.
ये जानकारी महेशपुर पंचायत की मुखिया नीलम सिंह ने दी है. जानकारी के अनुसार, एक्सप्रेस ट्रेन कानपुर-झांसी रेलखंड के पुखरायां रेलवे स्टेशन के आगे दलेल नगर रेलवे क्रासिंग पर पटरी से उतर गयी. हादसे के बाद मो अशफाक के लापता होने से परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है. परिजन चिंतित है और उसकी सकुशल वापसी की दुआ कर रहे हैं. मुखिया ने बताया कि घटना के बाद से उक्त युवक का मोबाइल बंद बता रहा है. इससे परिजनों की चिंता बढ़ गयी है. परिजनों ने बताया है कि अशफाक का टिकट वेटिंग में था. ऐसे में परिजन रेलवे के द्वारा जारी हेल्प लाइन नंबर पर संपर्क कर उसकी खोजबीन में जुटे हैं.
