प्रखंड प्रमुख की उपस्थिति में हुई पंचायत समिति की बैठक
हसनगंज : प्रखंड के मनरेगा सभागार भवन में मंगलवार को पंचायत समिति की बैठक प्रखंड प्रमुख सह जिला प्रमुख संघ के अध्यक्ष मनोज कुमार मंडल की अध्यक्षता में हुई. बैठक में मुख्य अतिथि सदर विधायक तारकेश्वर प्रसाद थे. बैठक में पूर्व के निर्णय की संपुष्टि के पश्चात कई मुद्दों पर चर्चा हुई. इसमें बाल विकास परियोजना, कृषि, शिक्षा, मनरेगा, स्वास्थ विभाग, प्रधानमंत्री आवास योजना, राशन-केरोसिन कूपन, शौचालय तथा तेरहवीं वित्त, चौदहवीं वित्त से संबंधित सभी मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई.
बैठक को संबोधित करते हुए विधायक तारकेश्वर प्रसाद ने संबधित पदाधिकारियों से कहा की सभी जनप्रतिनिधि से बैठक कर सभी योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दें और उनका पुर्णरूपेण सहयोग करें, ताकि पंचायत व सदूर गांवों का विकास तेजी से हो सके. बैठक में जगन्नाथपुर के मुखिया ने मनरेगा पीओ सुजीत रंजन पर आरोप लगाया कि वह किसी भी मुखिया प्रतिनिधि के साथ बैठक नहीं करते हैं. मनरेगा के तहत काम करने वाले मजदूरों को समय पर मजदूरी नहीं मिलती है.
इसके कारण कोई भी मजदूर मनरेगा का कार्य नहीं करना चाहता है. रामपुर पंचायत के मुखिया ने शिक्षा विभाग के तहत हसनगंज प्रखंड के शिक्षा पदाधिकारी पर आरोप लगाते हुए कहा कि समय पर विद्यालय नहीं खुलता है और समय से पहले बंद हो जाता है. मौके पर सभी योजनाओं से संबंधित प्रस्ताव भी लिए गये. साथ ही प्रखंड प्रमुख ने बैठक में उपस्थित नहीं होने वाले पदाधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगे जाने की बात कही. इस पर बीडीओ जितेंद्र कुमार ने अगली बैठक में अनुपस्थित चिकित्सा पदाधिकारी और प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी से स्पष्टीकरण मांगने की बात कही. इस अवसर पर जिला पार्षद कुमार कुलजीत,
सीओ कमल नयन कश्यप, प्रखंड सांख्यिकी पदाधिकारी नवीन कुमार, मनरेगा जेइ रवि कुमार, इंदिरा आवास सहायक कुमोद कुमार, विकास कुमार, आनंदी तिवारी तथा जनप्रतिनिधियों में मुखिया विपिन सिंह, विजय कुमार साह, आशिया खातून, राजेंद्र उरांव, कंदलाल मूर्मु, पंचायत समिति सदस्य में चांदनी देवी, पिंकी देवी, मो अजीमउद्दीन, रेणू खातून, दुलारी देवी आदि मौजूद थे.
