कटिहार : बलरामपुर के माले विधायक महबूब आलम के नेतृत्व में एक प्रतिनिधि मंडल ने बुधवार को जिला पदाधिकारी ललन जी से मिलकर उन्हें सात सूत्री मांग पत्र सौंपा है. डीएम ने विधायक के मांगों पर शीघ्र समाधान करने का भरोसा दिलाया है. डीपीआरओ अक्षय रंजन ने बताया कि विधायक श्री आलम के नेतृत्व में डीएम को सौंपे गये मांगपत्र में कहा गया है कि बारसोई को नगर पंचायत अधिसूचित कर दिया गया है. लेकिन अभी तक यह प्रभावी नहीं हो पाया है.
इसके कारण न तो इसे नगर पंचायत का लाभ मिल रहा है और न ही पंचायत का लाभ ही लोगों को मिल पा रहा है. इस मामले में जिला पंचायती राज पदाधिकारी फैयाज अख्तर ने बताया कि सरकार से इस संबंध में मार्गदर्शन की मांग की गयी है. विधायक ने डीएम को बताया कि बारसोई में आईटीआई का भवन बनना है. जिस पर अभी तक काम शुरू नहीं हो पाया है. इस मामले पर कार्यपालक अभियंता भवन निर्माण ने बताया कि गुरूवार को इसका शिलान्यास कर कार्य आरंभ कर दिया जायेगा.
विधायक ने विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत स्टेडियम, पीएचसी तथा तेलता अस्पताल निर्माण कराये जाने की मांग रखी. साथ ही डीएम के समक्ष कब्रिस्तान घेराबंदी कुछ कब्रिस्तान को प्राथमिकता के आधार पर घेराबंदी किये जाने की मांग की. विधायक ने डीएम से कुल किसानों को 48 ई, बटाईदारी कानून का लाभ दिलाने की भी मांग की. गांजन पुल के एप्रोच सड़क को शीघ्र बनाये जाने की मांग पर कार्यपालक अभियंता पुल निर्माण निगम ने प्रबंध निदेशक द्वारा अभियंता पथ निर्माण विभाग को भेजे गये पत्र का उल्लेख करते हुये बताया कि उक्त एप्रोच सड़क का सतत लीज नीति के तहत अधिग्रहन का प्रस्ताव किया गया है. विधायक श्री आलम ने आपदा से मृत धीरेंद्र दास एवं शमशेर के परिजनों को शीघ्र अनुदान राशि दिये जाने की भी मांग की. मौके पर डीडीसी मुकेश पाण्डेय सहित कई अधिकारी उपस्थित थे. जबकि प्रतिनिधि मंडल में उमेश यादव व अन्य लोग शामिल थे.
