लैपटॉप, टीवी, बाइक पार्ट्स व अन्य सामान ले गये चोर
शो रूम के बाइक को चोरों ने नहीं लगाया हाथ
बारसोई : प्रखंड मुख्यालय के नीमतल्ला चौक स्थित हीरो बाइक शो रूम में बुधवार की रात चोरों ने शो रूम के पीछे से ग्रिल काट कर लाखों के सामान चुरा लिये, लेकिन एक भी बाइक को हाथ नहीं लगाया. शो रूम के संचालक सपन कुमार भगत ने बताया कि चोर लैपटॉप, टीवी, बाइक पार्ट्स एवं अन्य लाखों रुपये के सामान चुरा ले गये हैं. लेकिन सभी बाइक सुरक्षित हैं. उन्होंने कहा कि प्रत्येक दिन की तरह बुधवार को शो रूम बंद कर हमलोग घर चले गये. सुबह सूचना मिली कि शो रूम के पीछे की ग्रील तोड़ी गयी है.
जिसकी सूचना पुलिस प्रशासन को दी गयी. घटना की सूचना मिलते ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी चंद्रिका प्रसाद, थानाध्यक्ष मोहन कुमार घटनास्थल पर पहुंचे तथा स्थिति का जायजा लिया. ज्ञात हो कि इससे पहले भी चोर इसी तरह लाखों का सामान चुरा ले गये हैं. डीएसपी श्री प्रसाद ने कहा कि यह कोई छोटा मोटा चोर का काम है जो जल्दी पकड़ा जायेगा. शो रूम के संचालक सपन भगत के आवेदन पर बारसोई थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है.
