नहाय-खाय तक पांच लाख से अधिक श्रद्धालु मनिहारी गंगा तट पर आते हैं.
मनिहारी/कटिहार : मनिहारी गंगा तट पर छठ पर्व को लेकर आने वाले श्रद्धालुओं को सुविधा और सुरक्षा प्रदान करने के लिए अनुमंडल प्रशासन की ओर से व्यापक तैयारी की गयी है. अनुमंडल पदाधिकारी अरुण कुमार सिंह, एएसपी विशाल शर्मा, पुलिस निरीक्षक सह थानाध्यक्ष एस बैजनाथन, बीडीओ श्रीराम पासवान, सीओ चंद्र कुमार सहित प्रशासनिक पदाधिकारी के साथ गंगा तट का जायजा ले रहे हैं. मनिहारी गंगा तट पर लाखों छठ व्रती श्रद्धालु मनिहारी गंगा तट जल स्नान करने पहुंच रहे हैं.
मनिहारी गंगा तट पर सोमवार को लगभग एक लाख से अधिक श्रद्धालु पहुंचे थे. छठ पूजा को लेकर नहाय खाय तक पांच लाख से अधिक श्रद्धालु मनिहारी गंगा तट आने की संभावना है. छठ व्रती कटिहार जिला सहित पूर्णिया, अररिया, मधेपुरा, सहरसा, सुपौल, किशनगंज सहित अन्य जिले व पड़ोसी देश नेपाल से मनिहारी गंगा स्नान करने पहुंच रहे हैं.
एसडीओ अरुण कुमार सिंह ने लाखों श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को लेकर दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारी, पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की है. गंगा तट पर सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किये गये थे.
कई छठ घाटों की साफ-सफाई शुरू
इस बीच छठ महापर्व को लेकर शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों के सभी छोटे बड़े घाटों की साफ-सफाई शुरू हो चुकी है. शहरी क्षेत्र के कोसी घाट, बीएमपी घाट, विजय बाबू पोखर, कारी कोसी घाट, बुद्धूचक घाट, तीनगछिया काली मंदिर घाट, बैंगना नहर सहित सभी प्रमुख घाटों की साफ-सफाई नगर निगम प्रशासन के द्वारा शुरू कर दी गयी है. वहीं कई घाटों को श्रद्धालु अपने स्तर से साफ-सफाई करने में जुटे हैं. संतोषी कॉलोनी घाट, मोहन घाट आदि कई ऐसे घाट हैं जिसकी साफ-सफाई लोग अपने स्तर से कर रहे हैं. जबकि कई घाटों में पानी की कमी को देखते हुये उसमें पंप सेट से पानी छोड़ने की तैयारी की जा रही है.
पूजन सामग्री से सज गया बाजार
छठ पर्व के पूजन सामग्री से शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों का बाजार सज चुका है. शहरी क्षेत्रों में हरदयाल सिनेमा से लेकर पुराना बाटा चौक तक न्यू मार्केट रोड में छठ पर्व के अनुष्ठान से जुड़े सामग्रियों से पट चुका है. वहीं बड़ा बाजार, शिव मंदिर चौक, मिरचाईबाड़ी, फलपट्टी आदि विभिन्न बाजारों में छठ पूजन सामग्री की बिक्री शुरू हो चुकी है. खासकर लोग नारियल, सूप, डाला, बड़ा नींबू आदि की खरीदारी शुरू कर दी है. केला से भी बाजार की रौनक बढ़ गयी है.
