कटिहार : राज्यपाल रामनाथ कोविंद के कटिहार आगमन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारी शुरू कर दी है. आगामी 18 नवंबर को राज्यपाल श्री कोविंद कटिहार आयेंगे. गुरुवार को राज्यपाल के आगमन को लेकर जिला पदाधिकारी ललन जी की अध्यक्षता में बैठक हुई. वरिष्ठ अधिकारियों के साथ हुई बैठक में राज्यपाल के प्रस्तावित कार्यक्रम पर चर्चा की गयी. बैठक में बताया गया कि रेडक्रॉस सोसाइटी के सौजन्य से 18 नवंबर को प्रशाल भवन में दिव्यांग व्यक्तियों के बीच कृत्रिम अंग का वितरण हेतु शिविर लगाया जायेगा. साथ ही उसी दिन एएएम चिल्ड्रेंस एकेडमी कटिहार का स्वर्ण जयंती समारोह भी होगा.
इन दोनों कार्यक्रमों में राज्यपाल श्री कोविंद शिरकत करेंगे. बैठक में राज्यपाल के आगमन को लेकर रूट चार्ट, यातायात व्यवस्था, पुलिस व दंडाधिकारी की प्रतिनियुक्ति आदि पर बैठक में चर्चा की गयी. साथ ही यह निर्णय लिया गया कि अगले दो दिनों में सभी तरह की तैयारियां पूरी कर ली जायेगी. बैठक में पुलिस अधीक्षक डा. एस एम जैन, उप विकास आयुक्त मुकेश पाण्डेय, अपर समाहर्ता जफर रकीब, नगर आयुक्त अजय कुमार ठाकुर,
निदेशक डीआरडीए राम निरंजन सिंह, सिविल सर्जन डाॅ एस सी झा, एसडीओ सुभाष नारायण, एसडीपीओ लाल बाबू यादव, जिला कल्याण पदाधिकारी पवन कुमार मिश्रा, डीसीएलआर राकेश रमण, सामाजिक सुरक्षा कोषांग के सहायक निदेशक अक्षय रंजन, एएएम चिल्ड्रेंस एकेडमी के सचिव प्रो पीएन केशरी, रेडक्रॉस सोसाइटी के अध्यक्ष अनिल चमरिया आदि उपस्थित थे.
