चेतावनी . इंदिरा आवास के लाभुकों को जारी किया गया नोटिस
प्रभात पड़ताल
जिले में अब तक 35 हजार से अधिक इंदिरा आवास लाभुकों ने राशि आवंटित होने के बावजूद मकान का काम पूरा नहीं किया है. अगर लाभुक नोटिस के बाद भी निर्माण कार्य पूरा नहीं करते हैं, तो उनको जारी राशि की वसूली की जायेगी.
कटिहार : जिले में इंदिरा आवास योजना के तहत बनाये गये आवास अब तक पूरे नहीं हुए हैं. अधूरा इंदिरा आवास व इंदिरा आवास नहीं बनाने वाले लाभुकों के बीच कार्रवाई प्रक्रिया राज्य सरकार के निर्देश पर शुरू कर दी गयी है. उल्लेखनीय है कि जिले में अब तक 35 हजार से अधिक इंदिरा आवास लाभुकों ने राशि आवंटित होने के बावजूद मकान का काम पूरा नहीं किया है.
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार इंदिरा आवास नहीं बनाने वाले व अधूरा इंदिरा आवास के लाभुकों के विरुद्ध उजला व लाल नोटिस थमाया जा रहा है. बताया जाता है कि लाल नोटिस निर्गत होने के बाद लाभुक द्वारा मकान नहीं बनाया गया, तो नीलाम पत्र के जरिये राशि वसूली की कार्रवाई की जायेगी. हालांकि राज्य सरकार के निर्देश पर यह कार्रवाई प्रारंभ की गयी है. पर, स्थानीय प्रशासन इस मामले में अभी भी शिथिल है. उल्लेखनीय है कि बीपीएल परिवार व अन्य वंचित वर्ग को इंदिरा आवास योजना के तहत पक्का मकान बनाने के लिए राशि दी जाती है.
890 लाभुकों को नीलाम पत्र जारी
पहले उजला नोटिस, उसके बाद लाल नोटिस मिलने पर भी जिन लाभुको ने इंदिरा आवास का काम पूरा नहीं किया उनके विरूद्ध प्रशासन ने निलाम पत्र जारी किया है. जिला प्रशासन की अगस्त 2016 की रिपोर्ट के अनुसार जिले में 890 लाभुकों के विरूद्ध निलाम पत्र जारी किया गया है. प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार निलाम पत्र जारी होने के बाद लाभुकों से इंदिरा आवास योजना मद में आवंटित राशि वसूली करने की कार्रवाई होगी. हालांकि अब तक 890 लाभुको में से एक भी लाभुकों से राशि वसूली की कार्रवाई नहीं हुई है.
कटिहार प्रखंड में 130, प्राणपुर में 82, समेली में 00, डंडखोरा में 00, कोढ़ा में 00, कुरसेला में 97, मनसाही में 00, हसनगंज में 00, बरारी में 124, फलका में 00, बारसोई में 00, आजमनगर में 130, बलरामपुर में 120, कदवा में 00, अमदाबाद में 00 व मनिहारी में 207 लाभुकों के विरूद्ध नीलाम पत्र जारी किया गया है. इसके बाद इनसे राशि वसूली की कार्रवाई की जायेगी.
15367 को दिया गया लाल नोटिस
निर्माण कार्य जल्द पूरा करने का दिया निर्देश
अधूरा इंदिरा आवास को पूरा करने तथा काम नहीं पूरा करने वाले लाभुकों को पहले उजला नोटिस थमाया गया. उसके बाद लाल नोटिस थमाया गया है. जिले के सभी प्रखंडों में कुल 35194 लाभुकों को उजला नोटिस के तहत मकान पूरा करने का निर्देश दिया गया है. जबकि इसी में से 15367 लाभुकों को लाल नोटिस देते हुए इंदिरा आवास पूरा करने का अंतिम मौका दिया है. कटिहार प्रखंड में 522, प्राणपुर में 618, समेली में 388, डंडखोरा में 136, कोढ़ा में 1769, कुरसेला में 775, मनसाही में 1392, हसनगंज में 283, बरारी में 2838, फलका में 2395, बारसोई में 186, आजमनगर में 276, बलरामपुर में 836, कदवा में 2321, अमदाबाद में 357 व मनिहारी में 275 लाभुकों को लाल नोटिस थमाया गया है.
बरारी में सबसे अधिक निर्माण अधूरा
जिला प्रशासन के निर्देश पर जारी उजला नोटिस पर गौर करे तो सबसे अधिक बरारी प्रखंड के लाभुकों के विरुद्ध जारी किया गया है. इस प्रखंड में 6832 इंदिरा आवास लाभुकों ने पक्का मकान बनाने में दिलचस्पी नहीं ली है. जिला प्रशासन की रिपोर्ट के अनुसार इन सभी को उजला नोटिस भेजा गया है. जबकि इसमें से 2838 लाभुकों को लाल नोटिस थमाया गया है. वहीं हसनगंज में सबसे कम उजला नोटिस थमाया गया है. इस प्रखंड के 325 लाभुकों द्वारा इंदिरा आवास पूरा नहीं किये जाने पर उसे स्थानीय प्रशासन ने उजला नोटिस दिया है. इसमें से 283 को लाल नोटिस भी थमाया गया है.
वहीं लाल नोटिस के मामले में डंडखोरा प्रखंड में कम लोगों को दिया गया है. इस प्रखंड में 509 लोगों को उजला नोटिस दिया गया है. जबकि 136 लोगों को ही लाल नोटिस जारी किया गया है, ताकि जल्द निर्माण कार्य पूरा करें.
राज्य सरकार के निर्देश पर इंदिरा आवास पूरा नहीं करने वाले लाभुकों के बीच उजला व लाल नोटिस जारी किया गया है. अगर शीघ्र ही लाभुक इंदिरा आवास का काम पूरा नहीं करते हैं, तो नीलाम पत्र के जरिये राशि वसूली की कार्रवाई की जायेगी.
मुकेश पांडेय, डीडीसी
