प्रेसवार्ता करते एसपी डॉ सिद्धार्थ व गिरफ्तार अपराधी.
13 अक्तूबर को बंधन बैंक के कर्मी से हुई थी लूट
कटिहार : कोढ़ा थाना क्षेत्र के एनएच 31 से महिनाथपुर जाने वाली सड़क पर बंधन बैंक के कर्मी से लूट के मामले में कोढ़ा पुलिस ने शुक्रवार की रात गुप्त सूचना के आधार पर कोढ़ा व फलका थाना क्षेत्र में छापेमारी कर दो अपराधियों को गिरफ्तार किया. उनके पास लूट की घटना में उपयोग की गयी मोटरसाइकिल को भी पुलिस ने जब्त कर लिया है. इस संदर्भ में शनिवार को नगर थाना में एसपी डॉ सिद्धार्थ मोहन जैन ने प्रेस वार्ता में बताया कि 13 अक्टूबर को एनएच 31 से महिनाथपुर जाने वाली सड़क पर बंधन बैंक के कर्मचारी से हथियार के बल पर तीन अपराधियों ने 1.40 लाख रुपये लिया था.
इस मामले को लेकर कोढ़ा थानाध्यक्ष अजित कुमार प्रसाद के नेतृत्व में बनी पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर फलका थाना क्षेत्र में छापेमारी कर आरोपित सुबोध पोद्दार पिता सोहिंदर पोद्दार दयालपुर निवासी को गिरफ्तार कर लिया. आरोपित के पास से 55 हजार रुपये भी बरामद किया गया. एसपी ने कहा कि आरोपित की स्वीकारोक्ति के आधार पर कोढ़ा पुलिस ने अप्राथमिकी अभियुक्त आशिष कुमार पिता रमेश सिंह विषहरिया को भी गिरफ्तार कर लिया. उसके पास से 24 हजार रुपये बरामद तथा लूट में प्रयोग की जाने वाली मोटरसाइकिल बरामद की गयी. एसपी ने कहा कि मामले में 79 हजार रुपये व दो मोबाइल फोन बरामद किया गया है. एसपी ने कहा कि लूट के उपयोग में शामिल बाइक की पहचान बैंक कर्मी ने कर ली है.
