कटिहार : सांसद तारिक अनवर ने कहा है कि शहर के मनिहारी मोड़ स्थित इंदिरा गांधी केंद्रीय जिला पुस्तकालय की स्थिति ठीक नहीं है. शुक्रवार को सांसद श्री अनवर ने इस पुस्तकालय का निरीक्षण किया. निरीक्षण के बाद सांसद ने जिला शिक्षा पदाधिकारी श्रीराम सिंह व पुस्तकालय कमेटी के सदस्यों के साथ बैठक भी की. बैठक में कई सदस्यों ने कहा कि सहायक थाना द्वारा पुस्तकालय की जमीन को अतिक्रमित किया गया है. साथ ही पुस्तकालय के सामने अस्थायी बस स्टैंड बना दिया गया है. बैठक में यह भी चर्चा हुई कि पुस्तकालय के संचालन के लिए कोई स्टाफ नहीं है. पुस्तकालय अध्यक्ष सहित अन्य स्टाफ के नहीं होने से परेशानी होती है.
व्यवस्था में सुधार का होगा प्रयास : डीइओ
पुस्तक का रख रखाव भी ठीक से नहीं होता है. बैठक में डीइओ श्री सिंह ने भी विभागीय स्थिति से अवगत कराया. श्री सिंह ने कहा कि पुस्तकालय की व्यवस्था में सुधार के लिए वह प्रयास करेंगे. बैठक में सांसद श्री अनवर ने कहा कि बहुआयामी उद्देश्य को लेकर इस पुस्तकालय की स्थापना की थी. लेकिन इसकी स्थिति जर्जर हो गयी है. सांसद ने कहा कि पुस्तकालय की व्यवस्था में सुधार लाने के लिये शीघ्र ही वह जिला पदाधिकारी से मिलेंगे. पटना में विभागीय अधिकारी से भी बात करेंगे. इस अवसर पर डीपीओ माध्यमिक शिक्षा डॉ राजकुमारी, प्रो पवन कुमार झा, अभिलाषा परिवार के सचिव राजेश कुमार सिंह आदि थे.
