कोढ़ा : थाना क्षेत्र के महिनाथपुर गांव के निकट गुरुवार को तीन अपराधियों ने हथियार का भय दिखा कर बंधन बैंक के कर्मी से 1.40 लाख सहित बाइक व मोबाइल लूट लिया. बंधन बैंक के कर्मी धनंजय रजक गुरुवार को दोपहर महिनाथपुर गांव से समूह द्वारा जमा किया गया एक लाख 40 हजार रुपये वसूल कर बाइक से कोढ़ा बैंक आ रहे थे. महिनाथपुर गांव के पास पूर्व से घात लगाये अपराधियों ने धनंजय को को पिस्टल दिखा कर बाइक रुकवायी व मारपीट करते हुए रुपये सहित बाइक एवं मोबाइल लूट कर फरार हो गये.
घटना के समय दूसरे गांव से भी रुपये वसूल कर आ रहे एक अन्य बैंक कर्मी का भी अपराधियों ने पीछा किया, लेकिन वे असफल रहे. इस मामले में बैंक की ओर से शुक्रवार को कोढ़ा थाने में मामला दर्ज करवाया गया है. थानाध्यक्ष अजित प्रसाद सिंह ने बताया कि अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जायेगा.
