कटिहार : नगर थाना में गुरूवार की रात को मुहर्रम के समापन पर अखाड़ा समारोह का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में मुख्य रूप से कटिहार डीएम ललन जी, एसपी सिद्धार्थ मोहन जैन, एसडीओ सुभाष प्रसाद, एसडीपीओ लाल बाबू यादव, बीडीओ किशोर कुणाल, सीओ केके सिंह सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी व पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे. सनद हो कि महर्रम के समापन पर वर्षो से नगर थाना में अखाड़ा कार्यक्रम का आयोजन होते आ रहा है.
कार्यक्रम को लेकर नगर थाना परिसर में लाईट, स्टेज का निर्माण कराया गया था. जिला प्रशासन के निर्देशानुसार सभी इमामबाड़ों से निर्धारित समय पर ताजिया जुलूस के साथ बड़ी संख्या में लोग अपने-अपने मुहल्लों की टोली के साथ अखाड़ा खेलते-खेलते नगर थाना पहुंचे.
सभी ताजिया में लाईट का भी प्रबंध किया गया था तथा उक्त लाईट के साथ लोग अपने मुहल्ले के इमामबाड़ा से लाठी, तलवार, बल्लभ भांजते नगर थाना पहुंचे. जहां अपने अपने कमेटी के लिए अखाड़ा खेला. सभी समयानुसार अपने अखाड़ा के साथ पांच से दस मिनट का समय लेते और अपने अखाड़े में बेहतर कला का जोहर दिखाया. जैसे तलबार बाजी, भाला, बल्ल्भ भांजने सहित अन्य कला का प्रदर्शन किया. अखाड़ा में अपनी कला का बेहतर प्रदर्शन करते हुए किसी ने बेहतरीन लाठियां भांजी तो किसी ने तलवार कोई बल्लब घुमाया तो किसी ने अन्य कर्तव्य दिखाते हुए अपने अखाड़ा को बेहतरीन साबित किया.
मौके पर सबसे सुदंर ताजिया बनाने वाले, जुलूस में शांति इख्तियार करने वाले सहित अन्य मुहल्ले के ताजिये व उसके काफिला का तारिफ जिला प्रशासन के आला अधिकाकरियों ने की. भगवान चौक से आई दो बच्चियों ने तलवारबाजी का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया. जिसे देख डीएम व एसपी ने काफी सराहा. वहीं बेहतर ताजिया को लेकर खलीफा व अखाड़ों के कलाकारों को सम्मानित भी किया गया. इस मौके पर नगर थानाध्यक्ष केएन सिंह, सहायक थानाध्यक्ष बिनोद सिंह सहित अन्य पुलिस पदाधिकारा तैनात थे.
