पुलिस शीघ्र माल की बरामदगी व अपराधियों की गिरफ्तारी नहीं करती महिला माेरचा उतरेगी सड़क पर
कटिहार : शहर में दिनदहाड़े हो रही लूट की घटनाओं को भाजपा नेताओं ने जंगलराज का संज्ञा दी है. पूर्व सांसद निखिल कुमार चौधरी ने व्यवसायी के यहां दिनदहाड़े हुई लूट पर कहा कि जिस तरह अपराधी लूटपाट की घटना को अंजाम देकर चले गये. वह अपराधियों के बढ़ते हौसले को दर्शाता है. शहर में लगातार आपराधिक घटनाएं बढ़ रही हैं. लोगों में दहशत है. पूर्व सांसद ने पुलिस से अपराधियों की गिरफ्तारी कर लूटे गये सामान की शीघ्र बरामदगी की मांग की है.
भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष डाॅ चंद्रभूषण ठाकुर ने कहा कि दिनदहाड़े हो रही इस तरह की घटना से साफ हो गया है कि अपराधियों में अब पुलिस का खौफ नहीं है. कानून का राज स्थापित करने का दावा करने वाले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का दावा ही खोखला साबित हो रहा है. व्यवसायियों में डर समाया हुआ है. उन्होंने एसपी से लूटकांड का उदभेदन कर अपराधियों को शीघ्र गिरफ्तार करने की मांग की है.
भाजपा महिला मोरचा की जिलाध्यक्ष छाया तिवारी ने कहा कि विनोदपुर में वार्ड संख्या 31 के भाजपा अध्यक्ष व व्यवसायी संतोष प्रसाद के लाखों का माल की चोरी हो गयी. वहीं खिलौना व्यवसायी पवन अग्रवाल के यहां दिनदहाड़े लूट की घटना को अंजाम देकर अपराधी चलते बने. यह जंगलराज का द्योतक है.
उन्होने कहा कि अगर दोनों घटनाओं का उदभेदन कर पुलिस माल की बरामदगी व अपराधियों की गिरफ्तारी नहीं करती है तो भाजपा महिला मोरचा शीघ्र ही सड़क पर उतरेगी. मोरचा की निशी महतो, विनीता बाघवानी, सुनिता, रंजना, सुनिता साह, चांदनी, माला झा, विभा मिश्रा, रेणु तिवारी, चंद्रलता, पुतूल, डोली आदि ने भी घटना पर आक्रोश व्यक्त किया.
राकांपा ने जतायी चिंता : शहर में बढ़ते अपराध पर राकांपा ने चिंता जतायी है. कार्यकारी जिलाध्यक्ष संजय कुमार सिंह ने कालीबाड़ी में हुई घटना के संबंध में कहा कि यह घटना अपराधियों के बढ़ते हौसले को दर्शाती है. उन्होंने पुलिस प्रशासन से इस कांड का उदभेदन कर अपराधियों की अविलंब गिरफ्तारी की मांग की है. जिला प्रवक्ता पंकज तमाखुवाला ने एसपी से नगर थाना में पर्याप्त संख्या में पदाधिकारी व आरक्षी उपलब्ध कराने की मांग की है. प्रो पीएन केशरी, शंकर सिंह, शाहनवाज खान, फिरोज अहमद कुरैशी, राजीव चाकी ने भी पुलिस प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग की.
