दहशत. चार दिनों से मंझोक गांव में हो रहा कटाव
महानंदा के कटाव से मंझोक गांव में दहशत है. यहां चार दिनों के अंदर 60 घर नदी में समा गये हैं.
बलिया बेलौन : क्षेत्र के भौनगर पंचयत के मंझोक गांव में महानंदा नदी के कटाव से अब तक 60 घर नदी में समा गये हैं. चार दिनों से जारी इस कटाव से लाेगों में दहशत है. नदी कटाव इतना तेज है कि लोगों को अपने घरों को हटाने का भी समय नहीं मिल रहा है. ऐसे में लोग किसी तरह घरों से सामान निकाल पा रहे हैं. कदवा प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष तांबा परवीन व सनोवर आलम का घर भी मंझोक गांव में ही है. नदी कटाव की ऐसी ही स्थिति रही, तो कांग्रेस अध्यक्ष का घर भी कटाव की जद में आ जायेगा.
बोले प्रभारी सीओ
एक दर्जन घर कटने की सूचना मिली है. पीड़ित परिवाराें को बसाने के लिए जमीन खोजी जा रही है. पीड़ितों को जल्द सहायता दी जायेगी.
शशिर कुमार वर्मा, प्रभारी सीओ, कदवा
रहने का नहीं है ठिकाना
मकरू शर्मा, भोजन शर्मा, अहमद रेजा, मेराज आलम, मो नसीम आदि ने बताया कि नदी क कटाव से विस्थापित होने के कारण रहने का कोई ठिकाना नहीं है. प्रशासनिक तौर पर अब तक कोई कर्मी हमारी स्थिति जानने के लिए नहीं आया है. कांग्रेस नेता मो सनोवर आलम ने जिला प्रशासन से नदी कटाव पीड़ितों को सहायता देने की मांग की है.
