मई दिवस की तैयारी को लेकर संचालन समिति गठित
कटिहार : अंतरराष्ट्रीय श्रमिक दिवस के अवसर पर एक मई को विभिन्न तरह के कार्यक्रम की तैयारी को लेकर संचालन समिति गठित की गयी है. शहर के संग्राम चौक स्थित बीएसएसआर यूनियन कार्यालय में सोमवार को जन संगठन अभियान समिति व संयुक्त ट्रेड यूनियन की बैठक धनंजय सिंह की अध्यक्षता में हुई.
बैठक में कोर्डिनेशन कमेटी ऑफ ट्रेड यूनियन एण्ड सर्विस एसोसिएशन के सह संयोजक ने मई दिवस से संबंधित प्रस्ताव रखा. इसे सर्वसम्मति से पारित कर लिया गया. बैठक में मई दिवस की तैयारी को लेकर संचालन समिति गठित की गयी. इसमें राम लगन सिंह, वारिस हुसैन,
धनंजयसिंह, विकास सिंह, गिरिश सिंह, देव कुमार झा, अरूप घोष, लक्ष्मण प्रसाद सिंह, उदय डे, दिलीप कुमार सिंह, रंजन कुमार को शामिल किया गया. संचालन समिति का संयोजक दयानंद सिंह को बनाया गया. नव गठित संचालन समिति के संयोजक ने बैठक में लिये गये प्रस्ताव की जानकारी देते हुए बताया कि मई दिवस के पूर्व 29 अप्रैल को शहर के विभिन्न चौक चौराहे पर नुक्कड़ सभा होगी,
जबकि 30 अप्रैल की संध्या में सदर अस्पताल परिसर से मशाल जुलूस निकाली जायेगी, जो शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए शहीद चौक पर समाप्त होगी. एक मई को श्रमिक दिवस पर शहीद चौक पर झंडोत्तोलन तथा शहीद वेदी पर पुष्पांजलि अर्पित की जायेगी. इसके साथ ही मई दिवस समारोह के मौके पर विभिन्न श्रमिक नेताओं का संबोधन भी होगा. बैठक में मुख्य रूप से मुमताज अहमद, श्रीकांत सिंह सहित विभिन्न ट्रेड यूनियन के नेता उपस्थित थे.
