कटिहार : जिले के शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में मंगलवार अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने के साथ चैती छठ महापर्व शुरू हो गया. शहर के शिव मंदिर चौक सहित विभिन्न मोहल्लों एवं ग्रामीण इलाकों में चैती छठ को लेकर धूमधाम का माहौल रहा. बुधवार को उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ इस पर्व का समापन होगा. छठ गीतों की धुन के बीच श्रद्धालु व छठव्रती पूरे अनुष्ठान के साथ तैयारी में जुटे हुए हैं. डंडखोरा प्रतिनिधि के अनुसार, प्रखंड क्षेत्र के कुछ गांव में चैती छठ धूमधाम से मनाया जा रहा है.
थाना चौक के समीप श्रद्धालु व छठव्रती पूरे अनुष्ठान के साथ मंगलवार को अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिये. मनिहारी प्रतिनिधि के अनुसार, मनिहारी गंगा तट में चैती छठ पूजा को लेकर श्रद्धालुओं ने सूर्य भगवान की पूजा की. चैती छठ व्रतियों ने गंगा तट पर पूजा अर्चना की. मनिहारी विधायक मनोहर प्रसाद सिंह की धर्म पत्नी गिरिजा सिंह ने चैती छठ पूजा की. विधायक मनोहर प्रसाद सिंह ने गंगा तट पर अर्घ्य दिलवाया. प्रत्येक वर्ष चैती छठ पूजा करने वाले व्रतियों की संख्या में बढोतरी हो रही है. गंगा तट पर श्रद्धालुओं ने अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देकर भगवान भास्कर की पूजा की.
