कटिहार के फलका से अली अहमद की रिपोर्ट
कटिहार जिले के फलका प्रखंड की हथवाड़ा पंचायत स्थित फूलडोभी गांव में भूमि विवाद का मामला थाना पहुंच गया है. पीड़ित पक्ष ने आरोप लगाया है कि जमीन मालिक से लाखों रुपये में एग्रीमेंट कराने के बावजूद उनके नाम रजिस्ट्री नहीं की गई. इसके विपरीत उसी जमीन का एक हिस्सा दूसरे पक्ष के नाम रजिस्ट्री कर दी गई, जिससे विवाद गहरा गया है.
18 कठ्ठा जमीन का हुआ था एग्रीमेंट
फूलडोभी गांव निवासी रंजीत कुमार और संजीत कुमार का आरोप है कि उन्होंने चरण सिंह और महताब राय से करीब 18 कठ्ठा जमीन का 7 लाख 50 हजार रुपये में एग्रीमेंट कराया था. उनका कहना है कि इस जमीन पर उनके पूर्वजों के समय से कब्जा रहा है और वर्तमान में भी वे उसी जमीन पर दखल-कब्जा रखते हैं.
नोटिस के बाद भी नहीं हुई रजिस्ट्री
पीड़ितों के अनुसार एग्रीमेंट के बाद उन्होंने कई बार जमीन की रजिस्ट्री कराने का आग्रह किया, लेकिन जमीन मालिक लगातार टालमटोल करते रहे. इसके बाद उन्होंने न्यायालय के माध्यम से नोटिस भी भेजवाया, फिर भी रजिस्ट्री नहीं कराई गई.
दूसरे पक्ष के नाम रजिस्ट्री का आरोप
रंजीत कुमार और संजीत कुमार का आरोप है कि बाद में महताब राय ने अधिक कीमत लेकर उसी जमीन में से करीब 9 कठ्ठा भूमि दूसरे लोगों के नाम रजिस्ट्री कर दी. उनका कहना है कि जब पहले से उनके पक्ष में एग्रीमेंट था, तब दूसरी रजिस्ट्री करना नियमों के विपरीत है.
नामांतरण पर दर्ज कराई आपत्ति
पीड़ित पक्ष ने संबंधित जमीन के नामांतरण (म्यूटेशन) पर अंचल कार्यालय में आपत्ति दर्ज कराई है. साथ ही पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर एग्रीमेंट के आधार पर न्याय दिलाने और दोषियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग की है.
जांच के बाद स्पष्ट होगी स्थिति
फिलहाल यह मामला जांच के अधीन है. पुलिस और राजस्व विभाग द्वारा जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी. वहीं, इस घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं.
देखे कैसा रहेगा कटिहार में मौसम का हाल
