कटिहार : जिला भाजपा के द्वारा वामपंथी दलों की ओर से देशद्रोह के आरोपियों को समर्थन दिये जाने के खिलाफ सोमवार को धरना दिया गया. समाहरणालय गेट पर आयोजित इस एक दिवसीय धरना का नेतृत्व भाजपा जिलाध्यक्ष सुनील प्रसाद कर्ण ने किया.
मौके पर भाजपा नेताओं ने कहा कि जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय में पिछले दिनों हुई घटना अवांछित व शर्मसार करनेवाली है.
दिल्ली पुलिस की निरोधात्मक कार्रवाई के पश्चात कांग्रेस व वामपंथी दल सहित उनके घटक दलों द्वारा दिल्ली पुलिस के कार्रवाई के विरोध में बयानबाजी शुरू कर देश द्रोहियों के आरोपी को समर्थन दे दिया.
नेताओं ने कहा कि जेएनयू की घटना से भारत की एकता व अखंडता की गंभीर खतरा उत्पन्न कर दिया है. भाजपा नेताओं ने कहा कि वामपंथी विचारधारा के नेताओं द्वारा मामले को चिर-परिचित जुमला अभिव्यक्ति की आजादी पर केंद्र सरकार द्वारा अंकुश लगाने की बात कही जा रही है. जबकि ये पूरा मामला देश की अस्मिता से जुड़ा हुआ है. कांग्रेस व वामपंथी दल देश-द्रोहियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग के बजाय उनका महिमा मंडन करने में जुटी है.
कांग्रेस व वामपंथी दलों पर राजनीतिक दिवालियापन होने का आरोप लगाते हुए भाजपा नेताओं ने कहा कि देश में ऐसे दल देश-द्रोहियों को पनपने का अवसर दे रहे हैं. नेताओं ने कहा कि भाजपा विश्वविद्यालय की स्वायतता व देश के नागरिकों की अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का हमेशा से पक्षधर रही है. लेकिन राष्ट्र विरोधी गतिविधियों को किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं कर सकती है.
भाजपा नेताओं का एक शिष्टमंडल ने धरना के बाद राष्ट्रपति को संबोधित मांग-पत्र जिला पदाधिकारी को सौंपा. मौके पर पूर्व सांसद निखिल कुमार चौधरी, विधायक तारकिशोर प्रसाद, विनोद सिंह, पूर्व विधायक विभाष चंद्र चौधरी, महेश पासवान, पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ चंद्रभूषण ठाकुर, डॉ श्याम नारायण पोद्दार, महामंत्री विजय गुप्ता, राजेश पटावरी, मीडिया प्रभारी मनोज कुमार सिन्हा, बबन झा, बीरेंद्र यादव, धर्मनाथ तिवारी, देवव्रत गुप्ता, विजय सिंह, ललन सिंह, गोपाल गुप्ता, गजेंद्र पाठक, कुंदन झा, अभयानंद श्रीवास्तव, राजकुमार, अजीत मोदी, जवाहर साह, रत्नेश, लालू यादव, छक्कन साह, वरुण झा आदि ने संबोधित किया.
