कटिहार : पंजाब के गुरदासपुर निवासी व सिख रेजिमेंट के लांस नायक मनजीत सिंह हत्या प्रकरण में शनिवार को नौवे दिन भी पुलिस के हाथ खाली रहे. मनजीत सिंह हत्या के मामले में एसपी डॉ सिद्धार्थ मोहन जैन के निर्देश पर फौरेसिंक टीम व खोजी कुत्ते से मामले में मदद ली गयी है लेकिन अबतक नतीजा सिफर ही रहा. मनजीत की हत्या किन कारणों से हुई पुलिस अबतक यह भी बता नहीं पा रही है.
हत्या से पूर्व किया टाॅर्चर
लांस नायक का शव मनिहारी थाना क्षेत्र के महियापुर स्टेशन के समीप एक बांस की झाड़ी से मनिहारी पुलिस ने बरामद की. लांस नायक की हत्या में उनके शरीर पर मारपीट के निशान, विद्युत स्पर्शाघात तथा उनके शरीर पर गर्म लोहे के रड के सुराग के भी निशान मिले यानि एक तौर पर हत्या से पूर्व लांस नायक को काफी टार्चर किया गया था. तदोपरांत उसकी गोली मारकर हत्या की गयी थी.
लांस नायक की हत्या कई संदेह को जन्म देती अगर अपराधी उन्हें हल्के फुल्के डंड का सजा देते तो उनकी गोली मारकर हत्या कर सक ते थे लेकिन हत्या से पूर्व उन्हें थर्ड डिग्री टार्चर की वजह मामले को उलझा कर रख दी है. पुलिस विभाग के अधिकारी स्पष्ट कुछ कहना नही चाह रहे है जांच का विषय कह कर बस पल्ला झाड़ रहे हैं.
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार मनिहारी थाना क्षेत्र के कुछ इलाकों में कई ऐसे लोग हैं जिसके तार दिल्ली व पंजाब से भी जुड़े हैं.
कई ऐसे मामलों में पुलिस ने उक्त क्षेत्र में छापेमारी अभियान चलाकर कई अपराधियों को गिरफ्तार भी किया है. अगर दिल्ली व यूपी तक तार जुड़ने की बात आती है तो संभवत: लांस नायक की रैकी पंजाब के गुरदास पुर से ही की गयी हो और उनसे दोस्ती बनाकर किसी प्रकार का प्रलोभन देकर उसे कटिहार ट्रेन से अपने साथ ले जाकर उक्त क्षेत्र में प्रताडि़त कर उसकी हत्या कर दी हो. क्योंकि अगर वह दस को कटिहार पहुंचा तो उन्हें 10 व 11 फरवरी को उसे प्रताडि़त कर उसकी गोली मारकर हत्या की जाती है.
10 को मनजीत कटिहार स्टेशन पर ट्रेन से उतरा
बताते चलें कि लांस नायक मनजीत सिंह जो पंजाब गुरदासपुर का रहने वाला था वह अपनी डयूटी गोवाहाटी के सिख रेजिमेंट में जाने के लिए नौ फरवरी को अपने घर से निकला था. 10 को उसे कटिहार रेलवे स्टेशन पर देखा भी गया है फिर 12 फरवरी की शाम को मनिहारी थाना क्षेत्र के महियारपुर से उसका शव बरामद किया जाता है. इस संदर्भ में पुलिस अधिकारी का कहना है कि सभी बिंदुओं पर पुलिस अनुसंधान कर रही है.
