आबादपुर पंचायत के ब्राह्मण टोला में स्थानीय श्रीश्री राधा रमण कमेटी के सौजन्य से आयोजित तीन दिवसीय 24 प्रहर हरिनाम संकीर्तन यज्ञानुष्ठान का समापन रविवार की सुबह श्रद्धा व भक्ति के वातावरण में कलश विसर्जन के साथ संपन्न हो गया. पूरे गांव में तीन दिनों तक भक्ति और आध्यात्म का अनूठा माहौल बना रहा. हरिनाम के संकीर्तन से वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो उठा. बुधवार की संध्या वैदिक मंत्रोच्चार के बीच कलश स्थापना कर यज्ञानुष्ठान का शुभारंभ किया था. पश्चिम बंगाल की प्रसिद्ध संकीर्तन मंडलियों द्वारा भक्ति से ओत-प्रोत मनमोहक संकीर्तन प्रस्तुत किए गए. तीनों दिन आयोजन स्थल पर हरे कृष्ण हरे कृष्ण, कृष्ण कृष्ण हरे हरे, हरे राम हरे राम, राम राम हरे हरे महामंत्र के संकीर्तन से श्रद्धालु भावविभोर होकर भक्ति रस में डूबे नजर आये. शनिवार की रात्रि प्रहर में स्थानीय विधायक संगीता देवी भी यज्ञ स्थल पर पहुंची. भगवान के चरणों में श्रद्धापूर्वक माथा टेककर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की. कहा, आज के व्यस्त जीवन में लोगों को कुछ समय निकालकर भक्ति और आध्यात्म से जुड़ना चाहिए. भक्ति से मन को असीम शांति और सकारात्मक ऊर्जा मिलती है. नारायण दास, नारायण पांडेय, सनातन राय, मनोज दास, दुभा दास, कृष्ण राय, बोलाई राय, अमित राय, संजय, श्याम चंद्र, प्रभात डे, विनय राय, चैतू दास, यादव राय, सिकु राय सहित कई ग्रामीणों का सराहनीय योगदान रहा.
24 प्रहर हरिनाम संकीर्तन यज्ञानुष्ठान का हुआ समापन
24 प्रहर हरिनाम संकीर्तन यज्ञानुष्ठान का हुआ समापन
