दुस्साहस. फलका थाना क्षेत्र में फुलडोभी गांव के समीप हुई वारदात
एक सप्ताह के भीतर लूट की लगातार चौथी घटना से क्षेत्र के लोग दहशत में
फलका : बेखौफ अपराधियों ने शुक्रवार को करीब तीन बजे फलका थाना क्षेत्र के मोरसंडा-कोढ़ा सड़क पर फुलडोभी गांव समीप ऋण वसूल कर लौट रहे शाखा प्रबंधक से करीब डेढ़ लाख रुपये, टैब, एटीम व मोबाइल लूट लिया. सूचना पाते ही फलका थानाध्यक्ष फैयाज खान मौके पर पहुंचे. पीड़ित के बयान पर अज्ञात अपराधियों के विरुद्ध लूट का मामला दर्ज कर पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है. घटना के शिकार माइक्रोफाइनांस बैंक संगम कोढ़ा-बी के शाखा प्रबंधक संतोष कुमार ने बताया है कि वह मोरसंडा गांव से करीब डेढ़ लाख रुपये ऋण वसूल कर बाइक से बैंक लौट रहे थे.
मोरसंडा-कोढ़ा सड़क पर फुलडोभी गांव के समीप एक बाइक पर सवार तीन नकाबपोश अपराधियों न पिस्टल के बल पर उन्हें घेर लिया और बाइक की डिक्की से डेढ़ लाख रुपये, टैब, मोबाइल व दो एटीएम कार्ड लूट लिया. शोर मचाने पर गोली मारने की धमकी दी. प्रभारी थानाध्यक्ष फैयाज खान ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस मामले को लेकर छापेमारी शुरू कर दी है.
एक सप्ताह के अंदर चार लूट की घटनाएं
शाखा प्रबंधक के साथ हुई लूट की घटना ने जिले की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल कर रख दी है. अपराधी पुलिस को धता बताकर बेखौफ घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं और पुलिस मूकदर्शक बनी हुई है. गौरतलब हो कि महज एक सप्ताह के भीतर डकैती सहित लूट की कुल चार घटनाएं घटी है. बीते गुरुवार की रात बड़ी चातर गांव में एक खाद व्यवसायी मो जब्बार के घर डकैतों ने डाका डालकर 70 हजार नकद व 50 हजार रुपये के जेवरात लूट लिया था. परिजनों के विरोध करने पर बालक को डकैतों ने गोली मारकर जख्मी कर दिया था. पुनः दूसरे दिन शुक्रवार को दिनदहाड़े गिरियामा के समीप एक व्यक्ति से बाइक व नगदी लूट ली. कुछ दिन पूर्व कनवाडीह समीप अपराधियों ने हथियार का भय दिखाकर एक व्यक्ति से बाइक लूट ली थी. फलका थाना क्षेत्र में बढ़े आपराधिक ग्राफ को लेकर क्षेत्रवासी दहशत में है. गौरतलब हो की फलका थाना क्षेत्र में महज एक सप्ताह के अंदर लूट की यह चौथी घटना हुई है. इससे सहज ही अंदाज लगाया जा सकता है इस क्षेत्र में अपराधियों का हौसला कितना बुलंद है.
