कटिहार : शहर के अति व्यस्ततम सड़क तिनगछिया चौक से वर्मा कॉलोनी तक गुरुवार को छह घंटे तक सड़क पर बड़े वाहनों के जहां-तहां खड़े रहने के कारण जाम की समस्या से लोग जूझते रहे. तिनगछिया धर्मकांटा के समीप गुरुवार को सुबह सात बजे से दोपहर दो बजे तक लगभग एक किलोमीटर तक लोडेड ट्रक […]
कटिहार : शहर के अति व्यस्ततम सड़क तिनगछिया चौक से वर्मा कॉलोनी तक गुरुवार को छह घंटे तक सड़क पर बड़े वाहनों के जहां-तहां खड़े रहने के कारण जाम की समस्या से लोग जूझते रहे. तिनगछिया धर्मकांटा के समीप गुरुवार को सुबह सात बजे से दोपहर दो बजे तक लगभग एक किलोमीटर तक लोडेड ट्रक एवं ट्रैक्टरों की लंबी कतार लगी रही.
इसके कारण गुरुवार को दिन भर जाम की समस्या बनी रही. इस दौरान साइकिल, रिक्शा, बाइक सवार तथा पैदल यात्रियों को जाने आने में असुविधा का सामना करना पड़ा. बड़ी वाहन लंबी कतार में लगे रहने के कारण दूसरी ओर से बड़े वाहनों के आ जाने के कारण इस सड़क पर आवागमन बाधित होता रहा. पुलिस प्रशासन के द्वारा जाम हटाने को लेकर कोई पहल नहीं की गयी.
शहर में बड़ी गाड़ियां बेरोक टोक प्रवेश कर धर्मकांटा में तौल के लिए काफी संख्या में प्रतिदिन आती हैं. जगह की कमी के कारण सड़क पर जाम लग जाना आम बात हो गयी है. इसके कारण हफलागंज, मनसाही, मरंगी, महियारपुर, नारायणपुर, नवाबगंज, मनिहारी सहित कुरैठा से आने वाले लोगों को बाजार जाने आने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा. कई राहगीरों ने बताया की ट्रक एवं ट्रैक्टर ओवरलोड हो कर धर्मकांटा में तौल कराने के लिए सुबह से लेकर शाम तक लंबी कतार में खड़े रहते हैं.
इससे दूसरी ओर से आने वाले वाहन घंटों फंसे रहते हैं. इसके कारण इस सड़क पर घंटों जाम लगा रहता है. राहगीरों ने बताया कि प्रशासन को चाहिए कि मुख्य सड़क के किनारे से धर्मकांटा को हटाकर सुदूर ग्रामीण क्षेत्र में लगाना चाहिए. शहर के चौधरी मोहल्ला चौक, शिव मंदिर चौक, पटेल चौक, दुर्गा स्थान चौक, महमूद चौक, हरीगंज चौक, डीएस कॉलेज चौक, रामपाडा चौक, बैगना चौक, भगवान चौक, हरदयाल चौक, पानी टंकी चौक, दुर्गापुर चौक, अड़गड़ा चौक, डेहरिया चौक, गौशाला चौक सहित दर्जनों चौक चौराहों पर इन दिनों बड़े वाहन के प्रवेश कर जाने के कारण जाम की समस्या बनी रहती है.