मनिहारी : थाना अंतर्गत धुरियाही पंचायत में मछली मारने के विवाद को लेकर एक व्यक्ति के अपहरण करने का मामला सामने आया है. मोहन ठाकुर गिरोह व दिलारपुर निवासी मनीर के बीच मछली मारने को लेकर सोमवार को विवाद हो गया. इस दौरान दोनों ओर से फायरिंग भी हुई.
मोहन सहित अन्य गिरोह के सदस्यों ने मिनाज पिता मनीर का अपहरण कर अपने साथ धुरियाही के मरगाहा के तरफ ले गया. घटना की सूचना मिलने पर मनिहारी एसडीपीओ उमा शंकर प्रसाद सिंह, थानाध्यक्ष चंद्र प्रकाश, अनि सियाराम सिंह मंगलवार को पुलिस बलों के साथ धुरियाही पहुंचे. मनिहारी के अलावा सेमापुर व बरारी पुलिस भी घटना स्थल पहुंची. एसडीपीओ के नेतृत्व में मोहन सहित अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है.
मछली मारने को लेकर पूर्व में दोनों पक्षों में विवाद था. इसी को लेकर दोनों ओर से फायरिंग की सूचना मिली है. घटना स्थल से एक खोखा मिला है. अपहृत मिनाज की पत्नी के आवेदन पर मोहन ठाकुर सहित अन्य पर प्राथमिकी दर्ज की गयी है. पुलिस घटना स्थल पर कैंप कर रही है. मोहन ठाकुर सहित अन्य अपराधियों को पकड़ने के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है.
चंद्र प्रकाश, थानाध्यक्ष, मनिहारी
