तैयारी . सुरक्षा के मद्देनजर जिला प्रशासन ने जारी किया संयुक्त आदेश
जिला प्रशासन ने भी शांतिपूर्ण एवं परंपरागत तरीके से छठ पर्व मनाने को लेकर अपनी तैयारी को भी अंतिम रूप दे दिया है. जिले के सभी छठ घाटों पर पुलिस बल के साथ दंडाधिकारी की तैनाती करने संबंधी आदेश जारी कर दिये गये हैं.
कटिहार : जिले के शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर तैयारी शुरू हो गयी है. विभिन्न छठ घाटों की तैयारी में श्रद्धालु जुट गये हैं. गंगा स्नान को लेकर भी श्रद्धालुओं की भीड़ भी उमड़ने लगी है. इस बीच डीएम मिथिलेश मिश्र व एसपी डॉ सिद्धार्थ मोहन जैन ने छठ को लेकर संयुक्त आदेश जारी किया गया है. संयुक्त आदेश के अनुसार सभी शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों के प्रमुख छठ घाटों पर सुरक्षाबलों के साथ दंडाधिकारी की तैनाती की गयी है.
पुलिस एवं दंडाधिकारी की तैनाती 24 अक्तूबर से 27 अक्तूबर तक रहेगी. जिला नियंत्रण कक्ष भी स्थापित किया गया है. संयुक्त आदेश में कई तरह के दिशा निर्देश के अनुपालन को सुनिश्चित करने को भी कहा गया है. डीएम व एसपी द्वारा जारी संयुक्त आदेश में यह भी कहा गया है कि छठ घाट एवं नदी किनारे पटाखे एवं आतिशबाजी पर पूरी तरह रोक रहेगी. छठ घाट पर जहां छठ व्रती एवं श्रद्धालु पूजा-अर्चना में तल्लीन रहते हैं, वैसी जगहों पर 24 से 27 अक्तूबर तक आतिशबाजी एवं पटाखे छोड़ने पर प्रतिबंध रहेगा. चचरी वाले घाट पर भी विशेष नजर रखने का निर्देश दिया गया है. साथ ही मोटरबोट, गोताखोर एवं तैराक की व्यवस्था संबंधी निर्देश संबंधित एसडीओ व एसडीपीओ को दिया गया है.
दुर्घटना रोकने की कवायद : जिला प्रशासन ने राज्य सरकार के निर्देश पर सभी छठ घाटों पर आतिशबाजी एवं पटाखे छोड़ने पर रोक लगा दी है. जिला प्रशासन ने अपने संयुक्त आदेश में कहा है कि नदी, तालाब, पोखर आदि में छठ घाट बनाया जाता है. छठ घाट में पटाखा छोड़ने एवं आतिशबाजी करने पर दुर्घटना की संभावना बनी रहती है. ऐसे में एहतियात के तौर पर यह निर्देशित किया गया है कि किसी भी छठ घाट एवं पानी वाले जगह पर आतिशबाजी एवं पटाखा छोड़ने पर पूरी तरह रोक रहेगी.
किसी भी तरह की आतिशबाजी एवं पटाखा छोड़े जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने का भी निर्देश दिया गया है. प्रशासन की कोशिश है कि शांतिपूर्ण, स्वच्छ एवं दुर्घटना रहित वातावरण में सूर्योपासना का महापर्व छठ संपन्न कराया जाये. इसी उद्देश्य से कई तरह की तैयारियां प्रशासन की ओर से करने का निर्देश दिया गया है.
जिला नियंत्रण कक्ष स्थापित
विधि व्यवस्था बनाये रखने को लेकर जिला स्तर पर समाहरणालय में जिला नियंत्रण कक्ष में स्थापित की गयी है. यह नियंत्रण कक्ष 22 सितंबर से 27 अक्तूबर तक 24 घंटे काम करेगा. इसके लिए पाली वार अधिकारी व कर्मचारी की तैनाती की गयी है. जिला नियंत्रण कक्ष के प्रभारी के रूप में जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी राम बाबू दास व होम गार्ड के समादेष्टा फैज आलम को तैनात किया गया है.
साथ ही जिला अग्निशामक पदाधिकारी को यह निर्देश दिया गया है. समाहरणालय में अग्निशामक दस्ता की तैनाती उक्त अवधि तक किया जाये. जिला नियंत्रण कक्ष में 06452- 242400, 239025 व 249026 दूरभाष संख्या काम करेगा. किसी भी तरह की सूचना है इस नंबर पर दिया जा सकता है.
