कटिहार : भाजपा नेताओं का एक प्रतिनिधिमंडल शनिवार को डीजीपी से मिला और कटिहार शहर में स्थिति सामान्य होने तक किसी तरह की गिरफ्तारी पर रोक लगाने की मांग की. सदर भाजपा विधायक तारकिशोर प्रसाद के नेतृत्व में भाजपा के प्रतिनिधिमंडल ने डीजीपी पीके ठाकुर को बताया कि कटिहार में पिछले दिनों हुई घटना को लेकर पुलिस द्वारा गिरफ्तारी तेज कर दी गयी है.
इससे लोगों में दहशत है. कटिहार की स्थिति पूरी तरह सामान्य होने तक गिरफ्तारी न हो. भाजपा के प्रतिनिधिमंडल में शामिल नेताओं ने दूरभाष पर कटिहार के एसपी से भी बात कर गिरफ्तारी पर रोक लगाने का अनुरोध किया. प्रतिनिधिमंडल में शामिल भाजपा नेताओं में पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री निखिल कुमार चौधरी, भाजपा जिला अध्यक्ष मनोज राय, भाजपा के वरिष्ठ नेता डॉ चंद्रभूषण ठाकुर व वरुण झा शामिल थे.
