Kaimur News : कैमूर जिला के चैनपुर थाना क्षेत्र के शेरपुर गांव में पुलिस ने गुप्त सूचना और नियमित गश्ती के दौरान कार्रवाई करते हुए 10 पुड़िया हेरोइन के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपी की पहचान शेरपुर गांव निवासी मुसई बिंद के पुत्र दीपक बिंद के रूप में हुई है. बरामद हेरोइन का कुल वजन करीब 5.12 ग्राम बताया गया है.
पुलिस को देखकर भागने लगा युवक
थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस टीम नियमित गश्ती के दौरान शेरपुर गांव पहुंची थी. इसी बीच एक युवक पुलिस को देखकर भागने लगा. संदेह होने पर पुलिसकर्मियों ने उसका पीछा कर पकड़ लिया. तलाशी के दौरान उसकी शर्ट की जेब से 10 पुड़िया हेरोइन बरामद हुई, जिसके बाद उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया.
पूछताछ में खोले कई राज
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपने एक सहयोगी का नाम भी बताया है. उसने स्वीकार किया कि वह साथी के साथ मिलकर हेरोइन की बिक्री करता था. पूछताछ के दौरान उसने मादक पदार्थ की आपूर्ति करने वाले व्यक्ति और उसे लाने के तरीके के बारे में भी महत्वपूर्ण जानकारी दी है.
नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस
थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. आरोपी की निशानदेही पर उसके अन्य साथियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. मेडिकल जांच के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. पुलिस पूरे मादक पदार्थ तस्करी नेटवर्क की जांच में जुटी है.
