Kaimur News : कैमूर जिले के भभुआ प्रखंड अंतर्गत देवरजी कला गांव में जहरीले सांप के डंसने से एक महिला की मौत हो गई. शनिवार को सदर अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराया गया. घटना के बाद गांव में मातम पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
धान रोपनी के बाद फर्श पर सो रही थी महिला
मृतका की पहचान देवरजी कला गांव निवासी लक्ष्मण चमार उर्फ लक्ष्मण राम की 51 वर्षीय पत्नी तेतरी देवी के रूप में हुई है. परिजनों ने बताया कि तेतरी देवी शुक्रवार को दिनभर धान की रोपनी करने के बाद रात में घर के अंदर फर्श पर सोई थीं. देर रात करीब 11 बजे उन्हें जहरीले सांप ने डंस लिया.
अस्पताल से लेकर झाड़-फूंक तक किया हर संभव प्रयास
सांप के डंसने के बाद परिजन उन्हें तुरंत भभुआ सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया. इसके बावजूद परिजन उम्मीद नहीं छोड़े और महिला को उत्तर प्रदेश के जमानिया स्थित अमवा के सती माता मंदिर ले जाकर झाड़-फूंक कराई. इसके बाद जिले के अन्य स्थानों पर भी उपचार और झाड़-फूंक का प्रयास किया गया, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी.
पुलिस ने कराया पोस्टमार्टम
महिला का शव घर लाए जाने के बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी. भभुआ थाना के पुलिस अधिकारी नवीन कुमार ने बताया कि परिजनों के अनुसार महिला की मौत सांप के डंसने से हुई है. पुलिस ने पंचनामा की प्रक्रिया पूरी कर सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया.
पीछे छोड़ गई छह बच्चों का परिवार, मुआवजे की मांग
सदर अस्पताल पहुंचे लोजपा (रामविलास) के वरिष्ठ उपाध्यक्ष पंकज उपाध्याय ने बताया कि मृतका अपने पीछे पति, चार पुत्र और दो पुत्रियों का भरा-पूरा परिवार छोड़ गई हैं. परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर है और पति मजदूरी कर घर चलाते हैं. परिजनों ने जिला प्रशासन से आपदा राहत के तहत मुआवजा देने की मांग की है.
गांव में पसरा मातम
घटना के बाद पूरे देवरजी कला गांव में शोक का माहौल है. ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को शीघ्र आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है.
