कैमूर के कोटसा के दो सगे भाइयों ने किक-बॉक्सिंग में जीते गोल्ड व सिल्वर

मेहनत और अनुशासन से चमके असद अली व हमजा अली, क्षेत्र का नाम किया रोशन

मेहनत और अनुशासन से चमके असद अली व हमजा अली, क्षेत्र का नाम किया रोशन गाजीपुर से लेकर मेरठ तक दिखाया दम, अब नेशनल प्रतियोगिता की तैयारी दुर्गावती. स्थानीय प्रखंड क्षेत्र के कोटसा गांव निवासी दो सगे भाइयों ने कम उम्र में ही अपनी मेहनत और शानदार खेल प्रदर्शन के दम पर किक-बॉक्सिंग प्रतियोगिता में बड़ी उपलब्धि हासिल कर क्षेत्र सहित कैमूर जिले के साथ-साथ बिहार व यूपी का नाम रोशन किया है. जानकारी के अनुसार, बीते 14 अप्रैल को आयोजित यूपी के गाज़ीपुर डिस्ट्रिक्ट किक-बॉक्सिंग चैंपियनशिप में दोनों भाइयों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम किया था. इसी उपलब्धि के आधार पर दोनों खिलाड़ियों का चयन राज्य स्तरीय किक-बॉक्सिंग प्रतियोगिता के लिए किया गया था. इसके तहत बीते 11 से 13 मई तक आइआइएमटी यूनिवर्सिटी, मेरठ में आयोजित राज्य स्तरीय किक-बॉक्सिंग प्रतियोगिता में दोनों खिलाड़ियों ने अपने खेल का बेहतरीन प्रदर्शन किया. क्षेत्र के दोनों खिलाड़ी नोबल सीनियर सेकेंडरी स्कूल, दिलदार नगर (गाजीपुर) के छात्र हैं. बड़ा भाई असद अली कक्षा सात में पढ़ता है और इस खेल में भी रुचि रखता है. असद अली ने मेरठ में 32 किलोग्राम लाइट कॉन्टैक्ट इवेंट में दमदार खेल दिखाते हुए गोल्ड मेडल हासिल किया. वहीं, छोटे भाई हमजा अली कक्षा छह का छात्र है, जिसने 28 किलोग्राम भार वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए सिल्वर मेडल जीता. दोनों भाइयों की इस उपलब्धि से स्कूल, परिवार और पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है. खिलाड़ियों के कोच मोहम्मद अब्दुल सलाम खान ने दोनों खिलाड़ियों को दिल से मुबारकबाद देते हुए कहा कि मेहनत और अनुशासन के बल पर दोनों बच्चे आने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी शानदार प्रदर्शन करेंगे. अब यह दोनों बच्चे 17 से 21 जून तक मध्यप्रदेश के इंदौर पब्लिक स्कूल मेन कैंपस, राजेंद्र नगर (एबी रोड) में होने वाली किक-बॉक्सिंग प्रतियोगिता में भाग लेंगे. दोनों बच्चों के पिता सोएब खान ने कहा दोनों भाइयों ने अपनी लगन और मेहनत से अपने स्कूल के साथ अपने क्षेत्र, कैमूर जिले व बिहार सहित यूपी का भी नाम गौरवान्वित किया है. खास बात यह है कि गोल्ड और सिल्वर मेडल जीतकर कैमूर जिले का नाम रोशन करने वाले असद अली और हमजा अली दोनों सगे भाई एक हिंदी दैनिक अखबार के रिपोर्टर सह दुर्गावती प्रखंड क्षेत्र के कोटसा गांव निवासी शोएब खान के पुत्र हैं. दोनों बेटों की इस सफलता से परिवार व शुभचिंतकों में खुशी की लहर है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: VIKASH KUMAR

VIKASH KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >