मोहनिया में बाइक हादसे में तीन युवकों की मौत; नटिनिया माई मंदिर के पास हुआ हादसा; गांव में पसरा मातम

मोहनिया थाना क्षेत्र के बघिनी गांव में सड़क हादसे ने तीन युवकों की जान ले ली. लझीपुर के पास हुई इस दुर्घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है. मृतकों की पहचान विकास कुमार, बिट्टू कुमार और सकिल राम के रूप में हुई है.

मोहनिया थाना क्षेत्र के बघिनी गांव के तीन युवकों की सड़क हादसे में मौत हो गयी. हादसा बघिनी गांव से करीब एक किलोमीटर दूर लझीपुर स्थित नटिनिया माई मंदिर के समीप हुआ. जानकारी के अनुसार तीनों युवक एक ही बाइक से मोहनिया की ओर आ रहे थे. इसी दौरान बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई . हादसे में तीनों की मौत हो गई.

तीनों मृतकों की हुई पहचान

मृतकों की पहचान बघिनी गांव निवासी विकास कुमार (18), पिता स्व. अवधेश कुमार चौधरी, बिट्टू कुमार (19), पिता रामाशंकर चौधरी और सकिल राम उर्फ दिलकुश राय, पिता जैनुद्दीन राय के रूप में हुई है. घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया. वहीं, तीन युवकों की एक साथ मौत की खबर से पूरे गांव में मातम पसर गया.

गांव में रहकर पढ़ाई करता था विकास

विकास कुमार तीन भाइयों में सबसे छोटा था. वह गांव में रहकर पढ़ाई करता था. वहीं बिट्टू कुमार दो भाइयों में बड़ा था. वह पढ़ाई के साथ खेती-मजदूरी का काम भी करता था. परिजनों के अनुसार, बिट्टू एक बार मैट्रिक में असफल हुआ था और गुरुवार को ही उसने मैट्रिक परीक्षा का फॉर्म भरा था.

पिता ने बाहर जाने से किया था मना

परिजनों के अनुसार, बिट्टू के पिता ने उसे कहीं जाने से मना किया था. इसके बाद उसके पिता निजी काम से मोहनिया चले गये, जबकि बिट्टू अपने दोस्तों के साथ बाइक से निकल गया. इसी दौरान हादसा हो गया.

सकिल राम भी था दसवीं का छात्र

सकिल राम उर्फ दिलकुश राय भी दसवीं कक्षा का छात्र बताया गया है. वह तीन भाइयों में सबसे बड़ा था. बताया गया कि उसके पिता मुंबई में रहते हैं और शुक्रवार को ही मुंबई गये थे. तीनों युवकों के हादसे में जान गंवाने की खबर से गांव में मातम का माहौल है.

पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली. पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भभुआ भेज दिया.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By विनोद कुमार सिंह

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >