Chainpur Scorpio Accident Kaimur : कैमूर जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के बिड्डी गांव में सोमवार सुबह तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने सड़क किनारे खेल रही तीन सगी बहनों को टक्कर मार दी. हादसे के बाद स्कॉर्पियो खेत में जा घुसी, जबकि चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया. तीनों बच्चियों की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल भभुआ रेफर किया गया है.
kaimur News : सड़क किनारे खेल रही थीं तीनों बहनें
घायलों की पहचान बिड्डी गांव निवासी सुभाष राम की पुत्रियां सुनैना कुमारी, काजल कुमारी और राधा कुमारी के रूप में हुई है. ग्रामीणों के अनुसार तीनों बच्चियां गांव की सड़क किनारे खेल रही थीं. तभी तेज रफ्तार और अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने उन्हें टक्कर मार दी.
टक्कर के बाद खेत में घुसी स्कॉर्पियो, चालक फरार
हादसे के बाद स्कॉर्पियो सड़क से उतरकर खेत में जा घुसी. चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया. घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई और ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी.
तीनों बच्चियां गंभीर, सदर अस्पताल रेफर
सूचना मिलते ही चैनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायल बच्चियों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चैनपुर पहुंचाया. प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने तीनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल भभुआ रेफर कर दिया.
पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो को जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है. फरार चालक की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस कार्रवाई कर रही है.
