जंगल में छिपाकर रखे गये तीन कट्टे व चार कारतूस बरामद
KAIMUR NEWS.थाना क्षेत्र के रमौली डैम के समीप पुलिस ने छापेमारी के दौरान जंगल में छिपाकर रखे गये तीन देसी कट्टा व चार जिंदा कारतूस बरामद किये हैं. बरामद हथियारों व कारतूसों को जब्त कर अज्ञात के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गयी है.
By Vikash Kumar | Updated at :
चैनपुर के रमौली डैम के समीप पुलिस ने की कार्रवाई
चैनपुर.
थाना क्षेत्र के रमौली डैम के समीप पुलिस ने छापेमारी के दौरान जंगल में छिपाकर रखे गये तीन देसी कट्टा व चार जिंदा कारतूस बरामद किये हैं. बरामद हथियारों व कारतूसों को जब्त कर अज्ञात के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गयी है. प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस मझगावां पहाड़ी क्षेत्र में आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने व फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के उद्देश्य से सघन छापेमारी अभियान चला रही थी. इसी क्रम में जब पुलिस टीम रमौली डैम के समीप जंगल क्षेत्र में तलाशी ले रही थी, तभी एक स्थान पर प्लास्टिक के झोले में बंधा संदिग्ध सामान दिखाई दिया. संदेह होने पर झोले की तलाशी ली गयी. तलाशी के दौरान लोहे व लकड़ी से निर्मित 12 बोर के दो देसी कट्टा और लोहे व पीतल से बना एक 315 बोर का देसी कट्टा बरामद हुआ. इसके अलावा चार जिंदा कारतूस भी मिले, जिनमें से दो कारतूस मिसफायर पाये गये. बरामद हथियारों को विधिवत जब्त कर थाने लाया गया है. पुलिस ने अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की है. प्रारंभिक जांच में आशंका जतायी जा रही है कि इन हथियारों का उपयोग किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने या वारदात के बाद छिपाकर रखने के उद्देश्य से किया गया होगा.थानाध्यक्ष ने बताया कि मझगावां पहाड़ी व आसपास के क्षेत्रों में लगातार गश्त व छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है, ताकि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाये रखते हुए आपराधिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखी जा सके. उन्होंने कहा कि बरामद हथियारों की तकनीकी जांच करायी जायेगी तथा आसपास सक्रिय संदिग्ध लोगों की पहचान की जा रही है.