Kaimur News : राह चलते मोटरसाइकिल चालक को रोककर रुपये मांगने और उसकी बाइक लेकर जाने का प्रयास करने के मामले में भगवानपुर थाने की पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन युवकों को गिरफ्तार किया है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और तीनों युवकों को मोटरसाइकिल सहित हिरासत में लेकर थाने पहुंची.
बाइक रोककर मांगे रुपये
जानकारी के अनुसार, भगवानपुर थाना क्षेत्र के कसेर पंचायत अंतर्गत जलईबार गांव निवासी अभिजीत कुमार सिंह (32), पिता अरुण सिंह, मोटरसाइकिल से जा रहे थे. इसी दौरान रास्ते में तीन युवकों ने उन्हें रोक लिया और रुपये की मांग करने लगे. अभिजीत ने युवकों से पहचान पत्र (आईडी कार्ड) दिखाने को कहा, लेकिन वे कोई पहचान पत्र नहीं दिखा सके.
बाइक लेकर जाने की कही बात
पहचान पत्र नहीं दिखाने के बाद युवकों ने मोटरसाइकिल लेकर जाने की बात कही. इसके बाद अभिजीत कुमार सिंह ने तत्काल पुलिस को घटना की सूचना दी. सूचना मिलते ही भगवानपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों युवकों को मोटरसाइकिल समेत पकड़कर थाने ले आई.
तीन आरोपितों पर दर्ज हुई प्राथमिकी
चालक के आवेदन के आधार पर पुलिस ने भगवानपुर निवासी अरविंद कुमार (22), पिता रामायण राम, रोहित पटेल (19), पिता स्व. शिववचन चौधरी और अक्षय शर्मा (23), पिता जल्लू शर्मा के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की है.
मेडिकल जांच के बाद भेजे गये जेल
थानाध्यक्ष चंद्रशेखर शर्मा ने बताया कि गिरफ्तार तीनों आरोपितों की मेडिकल जांच करायी गयी. इसके बाद गुरुवार को तीनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है.
