कस्तूरबा विद्यालयों में गूंजा शिक्षित नारी-सशक्त समाज का नारा

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर छात्राओं ने प्रभात फेरी निकाल कर दिया सशक्तीकरण का संदेश

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर छात्राओं ने प्रभात फेरी निकाल कर दिया सशक्तीकरण का संदेश पेंटिंग, रंगोली व भाषण प्रतियोगिताओं में बेटियों ने दिखायी अपनी प्रतिभा, विजेता हुए सम्मानित भभुआ नगर. अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर जिले के सभी कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालयों में विविध कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस अवसर पर छात्राओं ने प्रभात फेरी निकालकर समाज में महिला सशक्तीकरण और शिक्षा के महत्व का संदेश दिया. विद्यालय परिसर में वाद-विवाद, भाषण, पेंटिंग, रंगोली, नाटक, गीत-संगीत समेत कई प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया. कार्यक्रम की शुरुआत सुबह प्रभात फेरी से हुई, छात्राएं हाथों में स्लोगन लिखी तख्तियां लेकर विद्यालय परिसर और आसपास के क्षेत्रों में भ्रमण पर निकलीं. इस दौरान बेटी पढ़ाओ, बेटी बढ़ाओ, नारी शक्ति देश की शक्ति और शिक्षित नारी, सशक्त समाज जैसे नारों से वातावरण गूंज उठा. प्रभात फेरी के माध्यम से छात्राओं ने समाज में महिलाओं की भूमिका और उनके अधिकारों के प्रति जागरूकता फैलाने का प्रयास किया. इसके बाद विद्यालय परिसर में विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया. वाद-विवाद और भाषण प्रतियोगिता में छात्राओं ने महिला अधिकार, शिक्षा का महत्व और समाज में महिलाओं की बदलती भूमिका जैसे विषयों पर अपने विचार व्यक्त किये. पेंटिंग और रंगोली प्रतियोगिता में छात्राओं ने रंगों के माध्यम से महिला सशक्तीकरण, शिक्षा और समानता का संदेश दिया. वहीं, नाटक और गीत-संगीत कार्यक्रमों के जरिए छात्राओं ने समाज में महिलाओं की स्थिति और उनके संघर्षों को मंच पर प्रस्तुत किया, जिसे उपस्थित शिक्षकों और छात्राओं ने खूब सराहा. कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतियोगिताओं के परिणाम घोषित किये गये. साथ ही प्रत्येक प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली छात्राओं को विद्यालय प्रबंधन की ओर से पुरस्कार और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित भी किया गया. जिला कार्यक्रम पदाधिकारी समग्र शिक्षा अभियान विकास कुमार डीएन व शिक्षकों ने छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि शिक्षा के माध्यम से ही महिलाएं आत्मनिर्भर बन सकती हैं और समाज में अपनी मजबूत पहचान बना सकती हैं. विद्यालय की शिक्षिकाओं ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं बल्कि महिलाओं के सम्मान, अधिकार और समान अवसर के प्रति समाज को जागरूक करने का एक महत्वपूर्ण अवसर है. कार्यक्रम के दौरान छात्राओं में खासा उत्साह देखने को मिला और पूरे दिन विद्यालय परिसर उत्सव के माहौल में डूबा रहा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Vikash kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >