कुदरा रेलवे ओवरब्रिज की नहीं जली लाइट, पर बिजली बिल का हो रहा भुगतान

KAIMUR NEWS.शहर के आरओबी पर लगी स्ट्रीट लाइट वर्षों से जली ही नहीं, लेकिन इसके बावजूद नगर पंचायत द्वारा नौ लाख 23 हजार आठ सौ अस्सी रुपये के बिजली बिल का भुगतान कर दिये जाने का मामला सामने आया है.

कुदरा.

शहर के आरओबी पर लगी स्ट्रीट लाइट वर्षों से जली ही नहीं, लेकिन इसके बावजूद नगर पंचायत द्वारा नौ लाख 23 हजार आठ सौ अस्सी रुपये के बिजली बिल का भुगतान कर दिये जाने का मामला सामने आया है. बिजली विपत्र को देखकर वार्ड पार्षद भी हैरान हैं और अब इस तरह के भुगतान पर रोक लगाने की मांग कर रहे हैं. बताया जाता है कि आरओबी पर वर्षों से स्ट्रीट लाइट बंद पड़ी हैं. इसके बावजूद बिजली बोर्ड के इस हैरतअंगेज कारनामे की हर ओर चर्चा हो रही है. नगर पंचायत ने तीन किस्तों में यह भुगतान किया है. आरओबी के जरिये ही नगर पंचायत कुदरा लालापुर से जुड़ती है. इसी सड़क से जिला मुख्यालय से पटना जाने के लिए लोग कम दूरी के कारण आवाजाही करते हैं. प्रखंड क्षेत्र के आधे से अधिक ग्रामीणों का आना-जाना भी इसी मार्ग से होता है. मिली जानकारी के अनुसार आरओबी पर लगी स्ट्रीट लाइट के लिए पांच किलोवाट थ्री फेज का बिजली कनेक्शन 19.5.2023 को लिया गया था, जिसका फिक्स चार्ज 42,500 रुपये बताया जाता है. बिजली कनेक्शन लेने के बाद कुछ दिनों तक स्ट्रीट लाइट जली, लेकिन इसके बाद सभी लाइटें बंद हो गयीं. इसके बावजूद 1.10.2024 को नगर पंचायत द्वारा 2,85,492 रुपये, 3.4.2025 को 2,43,890 रुपये व 7.9.2025 को 3,94,498 रुपये का भुगतान किया गया. इस प्रकार कुल 9,23,880 रुपये का भुगतान किया गया है.हालांकि बताया जा रहा है कि सितंबर 2024 में ही नगर पंचायत द्वारा बिजली कनेक्शन कटवा लिया गया था. वार्ड पार्षदों व स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह नगर पंचायत द्वारा सरकार की राशि का नुकसान किया जा रहा है. वहीं इस संबंध में पूछे जाने पर कार्यपालक पदाधिकारी उजाली राज ने बताया कि विभागीय निर्देश के आलोक में बिजली बोर्ड के बकाया राशि का भुगतान किया गया है. अब नगर पंचायत कार्यालय से बिजली बिल का भुगतान नहीं किया जायेगा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Vikash Kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >