देर रात बदले मौसम ने बढ़ायी किसानों की चिंता, खेतों में बिछी फसलें

तेज हवा व बारिश के कारण खेतों में खड़ी फसल जमीन पर पसरी

तेज हवा व बारिश के कारण खेतों में खड़ी फसल जमीन पर पसरी धान के बाद अब चैती फसलों पर मंडराया संकट, उमड़ते बादलों से किसान सहमे दुर्गावती. शुक्रवार की देर रात अचानक मौसम बदलने के साथ तेज हवा व बारिश शुरू हो गयी. ऊपर वाले का शुक्र रहा कि चंद समय बाद ही हवा व बारिश दोनों थम गये. इसके बावजूद भी खेतों में खड़ी गेहूं की फसल कहीं-कहीं गिरकर पसर गयी है. इसके अलावा खेतों में कटी पड़ी सरसों की फसल भी बारिश से भीग गयी. जब किसान शनिवार की सुबह खेतों की निगरानी करने पहुंचे, तो नजारा बदला हुआ नजर आ रहा था. जहां एक दिन पूर्व खेतों में सुनहरी फसलें लहलहा रही थीं, वहीं रात में मौसम बदलते ही अब गेहूं की बालियां कुछ खेतों में जमीन पर बिछी दिखाई दीं. किसानों के अनुसार, फसल कटाई के लिए अब कुछ ही दिनों में तैयार होने वाली है. ऐसे समय में यदि मौसम अनुकूल नहीं हुआ, तो किसानों को भारी आर्थिक क्षति पहुंच सकती है. किसानों की मानें तो उन्हें इस बार फसल से काफी उम्मीदें हैं, क्योंकि बीते माह कटाई के कगार पर पहुंची धान की फसल भी अधिक बारिश से खराब हो गयी थी व लागत के अनुसार पैदावार अच्छी नहीं हो सकी थी. इस बार चैती फसलें भी अब अपने अंतिम समय में हैं. यदि मौसम साफ नहीं हुआ, तो एक बार फिर किसानों को नुकसान सहना पड़ेगा. खबर लिखे जाने तक आसमान में उमड़ते-घुमड़ते बादलों का आना-जाना लगा हुआ था, जिसे देख किसानों में बारिश होने पर नुकसान की आशंका बनी हुई है. यदि समय रहते मौसम साफ नहीं हुआ, तो आर्थिक संकट गहरा सकता है. इस तरह बदले मौसम की बेरुखी ने इलाके के किसानों की चिंता बढ़ा दी है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: VIKASH KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >