Kaimur News : देवी जी रोड स्थित गांधी पब्लिक स्कूल के पास कोचिंग से लौट रहे युवक के साथ मारपीट के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की थी. गिरफ्तार आरोपी की पहचान चांद थाना क्षेत्र के भतौनी गांव निवासी सुजीत सिंह के 20 वर्षीय पुत्र आर्यन सिंह के रूप में हुई है.
कोचिंग के बाहर युवक से हुई थी मारपीट
भभुआ थाना पुलिस के अनुसार, 27 अगस्त को गांधी पब्लिक स्कूल के पास कोचिंग से बाहर निकलने के दौरान एक युवक के साथ मारपीट की घटना हुई थी. घटना के बाद मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और घटना को लेकर थाना में प्राथमिकी भी दर्ज करायी गयी.
वायरल वीडियो से पुलिस को मिला सुराग
रविवार को भभुआ थाना के पुलिस अधिकारी जयप्रकाश पांडेय ने बताया कि वायरल वीडियो और प्राथमिकी के आधार पर पूरे मामले की जांच की जा रही है. जांच के क्रम में पुलिस ने आर्यन सिंह की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया. पुलिस आरोपी से घटना से जुड़े अन्य पहलुओं के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है.
आरोपी को भेजा गया न्यायिक हिरासत में
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी का मेडिकल जांच कराया. इसके बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है.
अन्य आरोपियों पर भी होगी कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, मारपीट की घटना से जुड़े वायरल वीडियो और प्राथमिकी में मिले तथ्यों के आधार पर अन्य आरोपियों के संबंध में भी जानकारी जुटायी जा रही है. जांच में जिन लोगों की संलिप्तता सामने आयेगी, उनके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जायेगी.
