विद्यालय स्तर पर खेल को मिलेगा बढ़ावा, सभी स्कूलों में खरीदे जायेंगे खेल सामग्री

KAIMUR NEWS.विद्यालय स्तर पर छात्रों में खेलकूद को प्रोत्साहित करने की दिशा में शिक्षा विभाग ने अहम कदम उठाया है. राज्य परियोजना निदेशक ने जिले के सभी विद्यालयों में खेल सामग्री उपलब्ध कराने के लिए निर्देश जारी किया.

एक सप्ताह में खेल सामग्री खरीदने का निर्देश, राशि भी जारीप्रतिनिधि, भभुआ नगर.

विद्यालय स्तर पर छात्रों में खेलकूद को प्रोत्साहित करने की दिशा में शिक्षा विभाग ने अहम कदम उठाया है. राज्य परियोजना निदेशक ने जिले के सभी विद्यालयों में खेल सामग्री उपलब्ध कराने के लिए निर्देश जारी किया. इस संबंध में जिला शिक्षा पदाधिकारी और जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (समग्र शिक्षा अभियान) को स्पष्ट आदेश दिया है कि जिले के प्रत्येक विद्यालय में एक सप्ताह के भीतर खेल सामग्री की खरीद सुनिश्चित की जाए. जारी निर्देश के अनुसार खेल सामग्री की खरीद के लिए विद्यालयों को श्रेणीवार राशि उपलब्ध करायी जायेगी. प्रत्येक प्रारंभिक विद्यालय को 5000, मध्य विद्यालय को 10000 और माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक विद्यालयों को25000 रुपये की राशि खेल सामग्री खरीदने के लिए दी जायेगी. इस राशि से विद्यालय अपनी आवश्यकता के अनुसार क्रिकेट, फुटबॉल, वॉलीबॉल, बैडमिंटन, कबड्डी सहित अन्य खेल सामग्री की खरीद कर सकेंगे.

प्रधानाध्यापकों को देना होगा प्रमाणपत्र, होगी निगरानी

निर्देश में स्पष्ट किया गया है कि खेल सामग्री की खरीदारी के बाद सभी विद्यालयों के प्रधानाध्यापक एक प्रमाणपत्र जारी करेंगे, जिसमें यह उल्लेख होगा कि विद्यालय में खेल सामग्री की खरीद कर ली गयी है. यह प्रमाणपत्र निर्धारित समय सीमा के भीतर संबंधित कार्यालय को उपलब्ध कराना अनिवार्य होगा. शिक्षा विभाग का मानना है कि खेल सामग्री उपलब्ध होने से छात्रों की खेलों में रुचि बढ़ेगी और उनके शारीरिक एवं मानसिक विकास में मदद मिलेगी. साथ ही विद्यालय स्तर पर नियमित खेल गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा.

क्या कहते हैं डीपीओ

इधर, इस संबंध में जानकारी देते हुए डीपीओ समग्र शिक्षा अभियान विकास कुमार डीएन ने कहा है कि समय सीमा के भीतर खेल सामग्री की खरीद नहीं करने वाले विद्यालयों पर कार्रवाई भी की जा सकती है. इस पहल से जिले के विद्यालयों में खेलकूद का माहौल मजबूत होने की उम्मीद है. साथ ही कहा कि विभाग स्तर से जारी पत्र के आलोक में सभी प्रधानाध्यापकों को खेल सामग्री खरीदारी करने के लिए राशि आवंटित की जायेगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: VIKASH KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >