बेतरी में एक लाख नकदी व अनाज सहित सारा सामान जला भभुआ. बुधवार की शाम भभुआ थाना के बेतरी गांव में जलाये गये गेहूं के डंठलों से निकली चिंगारी ने पड़ोसी के घर में तबाही का मंजर मचा दिया. जब तक आग पर पूरी तरह काबू पाया जाता, तब तक घर में रखे गये पशु-पक्षी सहित नकद, खाने-पीने का अनाज व बिछावन आदि जलकर राख हो चुके थे. इस मामले को लेकर बेतरी गांव के जिउत प्रसाद बिंद द्वारा थाना प्रभारी व अंचलाधिकारी भभुआ को आवेदन देकर राहत दिलाने की मांग की गयी है. जिउत प्रसाद बिंद ने बताया कि शाम को उनकी झोंपड़ी की बगल में स्थित गेहूं के खेत में राम बिलास पाल द्वारा डंठलों में आग लगायी गयी थी. आग की चिंगारी उनके घर के बगल में स्थित पशुओं वाली झोंपड़ी तक पहुंच गयी व देखते ही देखते सब कुछ जलने लगा. उस झोंपड़ी में दो भैंसें, एक पाडा, 10 बत्तख, दो सुग्गा व एक कुत्ता बांध कर रखा गया था. आग की चपेट में आने से दो भैंसें बुरी तरह झुलस गयीं, जबकि छोटे पशु व पक्षी जलकर मर गये. झोंपड़ी की आग ने सटे हुए मकान को भी अपनी चपेट में ले लिया, जिससे घर में रखे एक लाख रुपये नकद, टीवी, साइकिल, तीन पंखे व अनाज जलकर राख हो गये. घटना के बाद से आरोपित रामविलास गांव छोड़कर भाग गया है. पीड़ित परिवार ने बताया कि अब उनके पास रहने व खाने के लिए कुछ भी शेष नहीं बचा है. नये सिरे से जीवन शुरू करने के लिए उन्होंने सरकार से मुआवजे की अपील की है. पुलिस व अंचल कार्यालय द्वारा मामले की जांच शुरू कर दी गयी है.
डंठल की चिंगारी से मची तबाही, पशु-पक्षी सहित सामान जल कर राख
धवार की शाम भभुआ थाना के बेतरी गांव में जलाये गये गेहूं के डंठलों से निकली चिंगारी ने पड़ोसी के घर में तबाही का मंजर मचा दिया
