Kaimur News : स्थानीय थाना क्षेत्र के एनएच-319 पर कटरा कला गांव के समीप मंगलवार को स्कूली बच्चों से भरा मैजिक वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया. बताया जा रहा है कि वाहन का अचानक ब्रेक फेल होने के बाद वह अनियंत्रित होकर आगे चल रहे डंपर से टकरा गया और सड़क पर ही पलट गया. हादसे में चार स्कूली बच्चों, एक महिला शिक्षिका समेत आधा दर्जन लोग घायल हो गए. सभी घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से मोहनिया अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया.
ब्रेक फेल होते ही डंपर से भिड़ा स्कूली वाहन
जानकारी के अनुसार, गुड्स लाइफ एकेडमी, प्रसथुआ का स्कूली मैजिक प्रतिदिन की तरह बच्चों को लेकर कटरा कला गांव की ओर जा रहा था. इसी दौरान कटरा कला स्थित मंगलम स्कूल के सामने अचानक मैजिक का ब्रेक फेल हो गया. चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और अनियंत्रित मैजिक आगे जा रहे डंपर से जोरदार तरीके से टकरा गया. टक्कर के बाद स्कूली वाहन सड़क पर पलट गया.
चार मासूम बच्चों समेत शिक्षिका घायल
दुर्घटना में कटरा कला निवासी जय राम के छह वर्षीय पुत्र विराट कुमार, सुनील कुमार शर्मा की चार वर्षीय पुत्री सृष्टि कुमारी, सुनील कुमार शर्मा के 10 वर्षीय पुत्र सिद्धार्थ गौतम और अनिल कुमार राम की छह वर्षीय पुत्री अंजली कुमारी घायल हो गयीं. इनके अलावा महिला शिक्षिका प्रिया तिवारी और उनके पिता उपेंद्र तिवारी भी हादसे में घायल हुए हैं. वाहन चालक को भी चोट लगने की जानकारी सामने आयी है.
हादसे के बाद मची अफरा-तफरी
स्कूली वाहन के पलटते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गयी. आसपास मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्काल वाहन में फंसे बच्चों और अन्य घायलों को बाहर निकाला. इसके बाद सभी को इलाज के लिए मोहनिया अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया. घटना की जानकारी मिलते ही घायलों के परिजन भी अस्पताल पहुंच गये.
प्राथमिक उपचार के बाद बच्चों को घर ले गए परिजन
अस्पताल में चिकित्सकों ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया. इलाज के बाद बच्चों को उनके परिजन अपने साथ घर ले गये. वहीं घायल शिक्षिका और अन्य लोगों का भी उपचार किया गया. हादसे में चालक को भी चोट लगी है, जिसके बाद उसके निजी अस्पताल में इलाज कराने की बात बतायी गयी है.
