कैमूर: सावन की तीसरी सोमवारी और नाग पंचमी पर मुंडेश्वरी धाम में उमड़ी आस्था, दोपहर तक 50 हजार श्रद्धालुओं ने किया दर्शन

सावन की तीसरी सोमवारी और नाग पंचमी के पावन अवसर पर माता मुंडेश्वरी धाम में आस्था का महासागर उमड़ पड़ा. हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं और कांवरियों ने ज्योतिर्लिंग पर जलाभिषेक कर नाग देवता का पूजन-अर्चन किया. दोपहर तक 50 हजार से अधिक भक्तों ने दर्शन कर पुण्य लाभ कमाया.

Kaimur News: सावन की तीसरी सोमवारी और नाग पंचमी के अवसर पर सोमवार को हजारों की संख्या में आम श्रद्धालु एवं कांवरिया माता मुंडेश्वरी धाम पहुंचे. श्रद्धालुओं ने सर्वप्रथम मंदिर के गर्भगृह में स्थापित महामंडलेश्वर महादेव स्वामी के ज्योतिर्लिंग पर जलाभिषेक किया. इसके साथ ही महामंडलेश्वर महादेव के ज्योतिर्लिंग से लिपटे नाग देवता का पूजन-अर्चन कर उनके समक्ष दूध समर्पित किया.

सुबह 6:30 बजे खुला मंदिर का पट

धार्मिक न्यास के अकाउंटेंट गोपाल कृष्ण बाजपेयी ने बताया कि नाग पंचमी के दिन सुबह 6:30 बजे मंदिर का पट खोला गया. इसके बाद संस्था की ओर से भगवान महामंडलेश्वर महादेव का रुद्राभिषेक किया गया. मंदिर में स्थापित माता मुंडेश्वरी, भगवान श्री गणेश समेत तमाम देवी-देवताओं की प्रात: पूजा और आरती की गई. इसके बाद मंदिर परिसर में कतारबद्ध होकर खड़े आम दर्शनार्थियों और कांवरियों द्वारा भगवान महामंडलेश्वर तथा महाशक्ति मुंडेश्वरी माता का दर्शन-पूजन शुरू हुआ.

दोपहर तक 50 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने किया दर्शन

धार्मिक न्यास के कर्मियों के अनुमान के मुताबिक दोपहर करीब 1 बजे तक करीब 50 हजार से अधिक श्रद्धालु और कांवरिया पंचमुखी महामंडलेश्वर प्रभु का दर्शन-पूजन कर चुके थे. संध्या आरती तक यह आंकड़ा एक लाख से अधिक होने की उम्मीद जताई जा रही थी. न्यास के लेखपाल गोपाल कृष्ण ने बताया कि अब तक माता मुंडेश्वरी धाम सह महामंडलेश्वर धाम में दर्शन-पूजन के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं में करीब 50 प्रतिशत कांवरिया हैं. ये कांवरिया रोहतास जिले के चेनारी प्रखंड स्थित गुप्ता बाबा धाम सह गुप्तेश्वर धाम से दर्शन-पूजन कर यहां पहुंचे हैं. इनमें से कई कांवरियों के जत्थे बाबा बैजनाथ धाम के लिए रवाना होते भी देखे गए.

सुरक्षा के लिए जगह-जगह पुलिस बल तैनात

श्रद्धालुओं की सुरक्षा के मद्देनजर धाम में प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों के नेतृत्व में चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल और अतिरिक्त बलों के साथ धार्मिक न्यास के कर्मी तैनात किए गए.

दंडाधिकारी के रूप में डीआरडीए डायरेक्टर मयंक कुमार सिंह, जिला कल्याण पदाधिकारी और जिला कृषि पदाधिकारी अपने-अपने दायित्व का निर्वहन कर रहे हैं. वहीं थानेदार चंद्रशेखर शर्मा के नेतृत्व में सब इंस्पेक्टर वेद प्रकाश पांडेय और एएसआई रविंद्र ठाकुर के साथ चैनपुर, चांद और भभुआ थाने के कई अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मी सुरक्षा व्यवस्था में जुटे रहे. धार्मिक न्यास के सचिव अशोक कुमार सिंह लगातार ऑनलाइन धाम और धाम क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी कर रहे थे. साथ ही श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए दूरभाष के माध्यम से न्यास कर्मियों को आवश्यक निर्देश देते रहे.

चारपहिया वाहनों के आवागमन पर प्रतिबंध

धाम की पहाड़ी पर जाम की समस्या उत्पन्न न हो, इसके लिए आम श्रद्धालुओं के चारपहिया वाहनों के आवागमन पर प्रतिबंध लगाया गया. संस्था की ओर से श्रद्धालुओं के आवागमन के लिए कुल छह वाहन लगाए गए हैं. असहाय और आम श्रद्धालु स्वेच्छा से अप-डाउन का किराया देकर इन वाहनों की बुकिंग करा सकते हैं. संस्था की ओर से प्रति श्रद्धालु 100 रुपये किराया निर्धारित किया गया है.

दो स्थानों पर बनाई गई वाहन पार्किंग

मोकरी-बेतरी पथ से माता मुंडेश्वरी धाम पहुंचने वाले श्रद्धालुओं के लिए पर्यटन विभाग के धर्मशाला परिसर में वाहन पार्किंग बनाई गई है. वहीं भगवानपुर के रास्ते महामंडलेश्वर धाम पहुंचने वाले श्रद्धालुओं के लिए हनुमानगढ़ी के निकट वाले बगीचे में पार्किंग की व्यवस्था की गई है.

मेडिकल टीम और एंबुलेंस की व्यवस्था

श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए धाम की पहाड़ी के नीचे मेडिकल टीम को प्रतिनियुक्त किया गया है. आपातकाल की स्थिति से निपटने के लिए एंबुलेंस की भी व्यवस्था की गई है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Pankaj singh

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >