कैमूर: रामगढ़ रेफरल अस्पताल में डॉ सुरेंद्र कुमार का हुआ तबादला, डॉ संजय कुमार बने नए प्रभारी

कैमूर जिले के रामगढ़ रेफरल अस्पताल में एक बार फिर प्रशासनिक बदलाव हुआ है. डॉ. संजय कुमार को नया प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी बनाया गया है. जानिए इस बदलाव से जुड़ी पूरी जानकारी.

Ramgarh Referral Hospital : कैमूर जिले के रामगढ़ रेफरल अस्पताल में एक बार फिर प्रशासनिक बदलाव किया गया है. सिविल सर्जन डॉ चंदेश्वरी रजक ने आयुष चिकित्सक डॉ सुरेंद्र कुमार सिंह को प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी के पद से हटाते हुए डॉ संजय कुमार को नया प्रभारी बना दिया है. इस संबंध में बुधवार को आधिकारिक आदेश जारी कर दिया गया. आदेश के अनुसार डॉ सुरेंद्र कुमार को उनके मूल पदस्थापन स्थल अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र दुमदुमा, नुआंव वापस भेज दिया गया है.

जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि पूर्व में 14 मई 2025 को दिए गए आदेश के तहत डॉ सुरेंद्र कुमार सिंह को रामगढ़ रेफरल अस्पताल का प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी और निकासी एवं व्ययन पदाधिकारी की जिम्मेदारी दी गई थी. अब उस आदेश को तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया गया है.

Kaimur News : डॉ संजय कुमार को सौंपी गई जिम्मेदारी

नए आदेश के मुताबिक रामगढ़ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में पदस्थापित सामान्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ संजय कुमार को बिहार कोषागार संहिता के नियम 84 के तहत अस्पताल का प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी और निकासी एवं व्ययन पदाधिकारी बनाया गया है. उन्हें निर्देश दिया गया है कि वे डॉ सुरेंद्र कुमार सिंह से विधिवत प्रभार ग्रहण करें और इसकी रिपोर्ट 10 प्रतियों में सिविल सर्जन कार्यालय को उपलब्ध कराएं.

प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि कार्यभार हस्तांतरण की प्रक्रिया पूरी तरह नियमानुसार की जाएगी, ताकि अस्पताल के संचालन में किसी प्रकार की बाधा न आए.

Transfer News : दूसरी बार प्रभारी बने डॉ संजय

यह पहला मौका नहीं है जब डॉ संजय कुमार को रामगढ़ रेफरल अस्पताल की जिम्मेदारी सौंपी गई है. इससे पहले भी वे इस पद पर कार्य कर चुके हैं. 5 जुलाई 2024 को तत्कालीन सिविल सर्जन डॉ मीना कुमारी ने करीब 15 वर्षों से प्रभारी रहे डॉ सुरेंद्र कुमार को हटाकर डॉ संजय कुमार को यह जिम्मेदारी दी थी.

हालांकि करीब 10 महीने बाद 14 मई 2025 को फिर से बदलाव हुआ और डॉ संजय को हटाकर डॉ सुरेंद्र कुमार को प्रभारी बना दिया गया. अब एक बार फिर प्रशासन ने बदलाव करते हुए डॉ संजय कुमार को जिम्मेदारी सौंपी है.

लंबे समय तक प्रभारी रहे डॉ सुरेंद्र

जानकारी के अनुसार आयुष चिकित्सक डॉ सुरेंद्र कुमार सिंह रामगढ़ रेफरल अस्पताल में तीन बार प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी के पद पर रह चुके हैं. उनका कार्यकाल काफी लंबा रहा है. वे पहली बार 26 जनवरी 2001 से 22 जुलाई 2005 तक इस पद पर रहे. इसके बाद दूसरी बार 1 नवंबर 2013 से 4 जुलाई 2024 तक उन्होंने जिम्मेदारी संभाली.

तीसरी बार उन्हें 14 मई 2025 को फिर से प्रभारी बनाया गया था, लेकिन 14 जुलाई 2026 को उन्हें इस पद से हटा दिया गया. अब उन्हें उनके मूल पदस्थापन स्थल दुमदुमा अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में वापस भेज दिया गया है.

क्या बोले सिविल सर्जन

इस पूरे मामले पर सिविल सर्जन डॉ चंदेश्वरी रजक ने बताया कि प्रशासनिक जरूरतों को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है. उन्होंने कहा कि डॉ संजय कुमार को रामगढ़ रेफरल अस्पताल का प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी बनाया गया है, जबकि डॉ सुरेंद्र कुमार सिंह को उनके मूल पदस्थापन स्थल पर भेज दिया गया है, जहां वे पहले की तरह अपनी सेवाएं देंगे.

रामगढ़ रेफरल अस्पताल में बार-बार हो रहे प्रशासनिक बदलाव से स्वास्थ्य व्यवस्था पर असर पड़ने की संभावना बनी रहती है. अब देखना होगा कि डॉ संजय कुमार के नेतृत्व में अस्पताल की व्यवस्था कितनी बेहतर होती है और मरीजों को इसका कितना लाभ मिल पाता है. फिलहाल प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अस्पताल की सेवाएं सुचारू रूप से जारी रहेंगी और किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

Also Read : कैमूर: तुतला भवानी धाम में नहीं शुरू हुआ वॉटरफॉल, जुलाई आधा बीता फिर भी दिख रहा सूना नजारा; पर्यटकों की कमी से स्थानीय व्यवसाय प्रभावित


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Vinod kumar singh

Published by: Ragini Sharma

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >