भभुआ. रविवार को भभुआ प्रखंड के कुंज-सिकठी पथ पर बजाज फाइनेंस कंपनी के एक कर्मी से अपराधियों द्वारा दिनदहाड़े आठ हजार रुपये की छिनतई का मामला सामने आया है. घटना के तत्काल बाद पहुंची पुलिस ने घटना के आधे घंटे के अंदर तीन अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है. इधर, इस संबंध में पुलिस को आवेदन दिये बजाज कंपनी के कर्मी अनुज कुमार ने बताया कि रविवार को वह कंपनी के फाइनेंस की रिकवरी करने अपने एक सहकर्मी ब्रिजेश कुमार सिंह पिता महेंद्र सिंह ग्राम चैनपुर भभुआ थाना के कुंज गांव गया था. वहां से दो बजे दिन के आसपास हमलोग लौट रहे थे, तभी सिकठी गांव के पास अरहर के खेत से लगी सड़क से सुनसान जगह पर तीन लोगों ने जबर्दस्ती हमलोगों की बाइक को रोक दिया. फिर हम दोनों के पेंट में अपने पास लिए चाकू के नोक को सटा दिया और बोला कि जितना भी पैसा तुम लोगों के पास है निकालो, नहीं तो जान मार देंगे. फिर उसमें से एक व्यक्ति ने मेरे पास रहे पर्स से आठ हजार रुपये निकाल लिया और गाली गलौज करते हुए कहा कि अगर पुलिस को सूचना दोगे तो तुम दोनों को जान से मार देंगे. फिर तीनों व्यक्ति अरहर के खेत में भाग गये. अनुज ने बताया कि इसके बाद हमलोगों ने तत्काल पुलिस को फोन किया. इसकी सूचना पर पुलिस मौके पर तुरंत ही पहुंच गयी और बड़ी संख्या में ग्रामीण भी जुट गये. इसके बाद पुलिस अरहर के खेत में छापेमारी कर तीनों व्यक्ति का पकड़ लिया. इसी क्रम में भागने का प्रयास कर रहे गुरूदेव पटेल के गिर जाने से उसका सिर फट गया. अनुज ने बताया कि पकडे गये तीनों लोगों को मैं शक्ल से अच्छी तरह पहचानता हूं. पकडे गये लोगों ने पुलिस को अपना नाम गुरूदेव पटेल पिता महेंद्र सिंह उर्फ सुलई सिंह, बबलू कुमार पिता स्व शंकर राम, खुशीहाल पटेल पिता स्व चेता सिंह सभी सिकठी गांव का रहने वाला बताया. मामले में अनुज ने बताया कि खुशीहाल ने चाकू सटाया था और गुरूदेव पटेल और बबलू ने मेरा पैसा छीना था. इधर, जब पुलिस द्वारा तलाशी ली गयी तो इन लोगों के पास से मात्र 670 रुपये मिले. जबकि, खुशीहाल पटेल के पास से चार टेट्रा पैक अंग्रेजी शराब भी बरामद की गयी है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
