कुदरा ओवरब्रिज के नीचे वाहन की टक्कर से 76 वर्षीय वृद्ध की मौत
सड़क हादसे में एक वृद्ध व्यक्ति की मौत के बाद सड़क पर लगा जाम
भभुआ से अमित कुमार सिन्हा की रिपोर्ट
भभुआ (कैमूर).
कुदरा ओवरब्रिज के नीचे शनिवार की सुबह सड़क हादसे में एक वृद्ध व्यक्ति की मौत हो गयी. अज्ञात वाहन की जोरदार टक्कर से गंभीर रूप से घायल हुए व्यक्ति को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान मोहनिया थाना क्षेत्र के बढूपर गांव निवासी स्वर्गीय बुटन साह के 76 वर्षीय पुत्र सामाकांत साह के रूप में की गयी है. सामाकांत साह अपने रिश्तेदारी में संधियाना में आयोजित छेंका समारोह में शामिल होने गए थे. समारोह में भाग लेने के बाद वे पैदल अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान कुदरा ओवरब्रिज के नीचे एक अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वे मौके पर ही गंभीर रूप से घायल हो गए. स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत कुदरा में प्राथमिक उपचार के लिए ले जाया गया. वहां प्राथमिक इलाज के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर उपचार के लिए भभुआ सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया. भभुआ सदर अस्पताल में पहुंचने पर ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सकों ने जांच के बाद सामाकांत साह को मृत घोषित कर दिया. इस घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गयी. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा किया. इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भभुआ सदर अस्पताल भेजा गया. पुलिस ने अज्ञात वाहन की पहचान और उसकी तलाश शुरू कर दी है.