कैमूर: रामपुर में राशन कार्ड अभियान तेज, घर-घर जाकर जुटाए जाएंगे आवेदन

कैमूर के रामपुर प्रखंड में नया राशन कार्ड बनाने का अभियान शुरू हो गया है। इस विशेष अभियान के तहत, पात्र परिवारों की पहचान के लिए कर्मी घर-घर जाएंगे और आवेदन भरवाएंगे। जानें क्या हैं आवश्यक दस्तावेज और अभियान की समय-सीमा।

Kaimur News : राज्य सरकार के निर्देश पर रामपुर प्रखंड क्षेत्र में नए राशन कार्ड बनाने को लेकर विशेष अभियान शुरू कर दिया गया है. अभियान के तहत पात्र परिवारों से आवेदन लिए जा रहे हैं, ताकि जरूरतमंद लोगों को खाद्य सुरक्षा योजना का लाभ समय पर मिल सके.

बीडीओ ने बुलाई बैठक, कर्मियों को सौंपी जिम्मेदारी

अभियान को सफल बनाने के लिए बुधवार को प्रखंड कार्यालय में बीडीओ ऋतुरंजन कुमार की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई. बैठक में सभी पीडीएस दुकानदारों, विकास मित्र, स्वच्छता पर्यवेक्षक और पंचायत रोजगार सेवकों को बुलाकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए.

घर-घर पहुंचेंगे कर्मी, पात्र परिवारों की होगी पहचान

बीडीओ ने बताया कि अभियान को गति देने के लिए विकास मित्र, आवास सहायक, रोजगार सेवक, पीडीएस डीलर और स्वच्छता पर्यवेक्षकों की ड्यूटी लगाई गई है. सभी कर्मियों को घर-घर जाकर पात्र परिवारों की पहचान करने और उनका आवेदन भरवाने का निर्देश दिया गया है.

आवेदन जुटाने का लक्ष्य तय, रोजाना इतने फॉर्म लेने होंगे

प्रशासन ने अभियान के लिए लक्ष्य भी निर्धारित किया है. 26 जुलाई तक सभी संबंधित कर्मियों को प्रतिदिन 90 आवेदन प्राप्त करने का लक्ष्य दिया गया है. वहीं 27 जुलाई से 5 अगस्त तक प्रतिदिन 40 आवेदन लेने का निर्देश जारी किया गया है. प्रशासन का उद्देश्य है कि तय समय सीमा में अधिक से अधिक पात्र लाभुकों को राशन कार्ड योजना से जोड़ा जाए.

राशन कार्ड के लिए जरूरी होंगे ये दस्तावेज

बीडीओ ऋतुरंजन कुमार ने बताया कि नया राशन कार्ड बनवाने के लिए आवेदकों को जाति प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, आधार कार्ड और परिवार का सामूहिक फोटो जमा करना होगा. आवश्यक दस्तावेजों के बिना आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा.

लापरवाही पर होगी कार्रवाई, पात्र लोगों को नहीं छोड़ने का निर्देश

बीडीओ ने सभी कर्मियों को पारदर्शिता और गंभीरता के साथ काम करने का निर्देश दिया है. उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र परिवार आवेदन से वंचित नहीं रहना चाहिए. यदि जांच के दौरान किसी योग्य परिवार के छूटने की बात सामने आती है तो संबंधित कर्मी की जिम्मेदारी तय की जाएगी.

जांच के बाद जारी होगा नया राशन कार्ड

प्रशासन के अनुसार अभियान से उन परिवारों को लाभ मिलेगा, जो अब तक किसी कारणवश राशन कार्ड से वंचित रह गए थे. अभियान के दौरान प्राप्त आवेदनों की जांच की जाएगी और पात्रता के आधार पर नए राशन कार्ड जारी किए जाएंगे.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Raju kumar

Published by: Vivek Singh

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >