बेलांव व खरेंदा पंचायत में फोटो से फोटो कैप्चरिंग कर 349 मजदूरों को फर्जी भुगतान की तैयारी

# डीडीसी, डीपीओ मनरेगा की सख्ती के बाद भी रामपुर प्रखंड में नहीं थम रही गड़बड़ी

# डीडीसी, डीपीओ मनरेगा की सख्ती के बाद भी रामपुर प्रखंड में नहीं थम रही गड़बड़ी # मनरेगा कर्मी व अधिकारी वरीय अधिकारियों को दे रहे हैं खुली चुनौती # प्रखंड, जिला व राज्य में अपलोड फोटो की जांच करने वाले कहां है जिम्मेदार? मास्टर रोल में मजदूरों का नाम अलग-अलग, लेकिन सभी का फोटो एक # प्रभात खास # मोहनिया सदर.जिले के रामपुर प्रखंड में मनरेगा में व्याप्त भ्रष्टाचार चरम पर है. मनरेगा आयुक्त से लेकर जिले में कार्यरत सभी वरीय पदाधिकारी मनरेगा में भ्रष्टाचार पर लगाम लगाने व पारदर्शिता का दावा करते हो लेकिन उनके अधिनस्थ मनरेगा पदाधिकारी और कर्मी उनको खुली चुनौती देते हुए फोटो से फोटो कैप्चरिंग कर सरकार की राशि हड़पने की पुरजोर कोशिश में लगे हुये हैं .रामपुर प्रखंड की खरेंदा और बेलांव पंचायत की बात करें तो यहां वर्तमान समय में फोटो से फोटो कैप्चरिंग कर आधा दर्जन योजनाओं में 349 मजदूरों की फर्जी उपस्थिति दर्ज कर भुगतान कर राशि हड़पने की तैयारी चल रही है. मनरेगा आयुक्त द्वारा जारी पत्र का अवलोकन करें तो उसमें स्पष्ट किया गया है कि मनरेगा में कार्य करने वाले मजदूरों की साइट पर अपलोड की गयी तस्वीर की जांच प्रखंड, जिला व राज्य स्तर पर बैठे अधिकारियों को करना है, ताकि मनरेगा को पूरी तरह पारदर्शी बनाया जाये और इसमें फोटो से फोटो की कैप्चरिंग का खेल बंद हो और भ्रष्टाचार पर लगाम लगे, लेकिन यहां तो निचले कर्मचारी व अधिकारी अपने वरीय पदाधिकारियों के आदेश को रात तो क्या दिन के उजाले में खुली चुनौती देकर भ्रष्टाचार को बढ़ावा दे कर उनकी भी भद पिटवा रहें. ऐसे अधिकारी व कर्मियों की तानाशाही ने ईमानदार अधिकारियों पर से भी लोगों का विश्वास उठा दिया है, वरीय अधिकारी भी चुप्पी साधे बैठे हैं # केस नंबर 01 बेलांव पंचायत के ग्राम अकोढ़ी में हरेकिशुन चौबे के खेत से धरिक्षण दुबे के खेत तक घुरहा ताल का जीर्णोद्धार किया जा रहा है, जिसका वर्क कोड संख्या 0549006, डब्ल्यू सी 20574299 है. इसमें मास्टर रोल संख्या 8761 से 8768 तक 08 मास्टर रोल जारी किया गया है, जिसमें 80 मजदूर की उपस्थिति दिखायी गयी है. सबसे हद कर देने वाली बात तो यह है कि इन आठ मास्टर रोल में फोटो से फोटो कैप्चरिंग कर मजदूरों की उपस्थिति दिखायी गयी है. # केस नंबर 02 बेलांव पंचायत के ग्राम नौहट्टा में सुरेश सिंह के खेत से पूर्णवासी प्रसाद के खेत तक ताल का जीर्णोद्धार कार्य किया जा रहा है. इसका वर्क कोड संख्या 0549006, डब्ल्यू सी 20708778 है. इसमें मास्टर रोल संख्या 8758 से 8760 तक तीन मास्टर रोल जारी किया गया है. इसमें 30 मजदूरों को प्रजेंट दिखाया गया है और तीनों मास्टर रोल में फोटो से फोटो कैप्चरिंग किया गया है. भले ही मजदूरों का नाम मास्टर रोल में अलग-अलग है, लेकिन सभी का फोटो एक है. # केस नंबर 03 बेलांव पंचायत के ग्राम पानापुर में महेंद्र चौबे के खेत से देवमुनि चौबे के खेत तक ताल खुदाई कार्य प्रारंभ है, जिसका वर्क कोड संख्या 0549006, डब्ल्यू सी 20756410 है. इसमें मास्टर रोल संख्या 8493 से 8499 तक सात मास्टर रोल जारी कर 70 मजदूरों की उपस्थिति दर्ज की गयी है. जबकि सभी मास्टर रोल में फोटो से फोटो कैप्चरिंग किया गया है, सबसे सोचनीय बात तो यह है कि मास्टर रोल संख्या 8498 में 10 मजदूरों की उपस्थिति दर्ज की गयी है. जबकि, फोटो में 11 मजदूरों को दिखाया गया है. इस फोटो में महिलाओं की संख्या पांच व पुरुषों की संख्या छह है, जबकि मास्टर रोल में दर्ज महिलाओं की संख्या सिर्फ तीन है. # केस नंबर 04 बेलांव पंचायत के ग्राम नौहट्टा में शिवमोहन के खेत से उमा साह के खेत तक ताल का जीर्णोद्धार कार्य दिखाया गया है, जिसका वर्क कोड संख्या 0549006, डब्ल्यू सी 20739459 है. इसमें मास्टर रोल संख्या 8484 से 8492 तक 09 मास्टर रोल जारी किया गया है. इसमें कुल 89 मजदूरों की उपस्थिति दर्ज की गयी है. प्रत्येक मास्टर रोल में 10 मजदूरों का नाम है, लेकिन फोटो में 11 मजदूर देखे जा सकते हैं. # केस नंबर 05 खरेंदा पंचायत के ग्राम हुन्डारी में मेन नहर से हरेंद्र पासवान के घर तक ताल का खुदाई कार्य दिखाया गया है, जिसका वर्क कोड संख्या 0549006006, डब्ल्यू सी 20711683 है. इसमें दो मास्टर रोल जारी किया गया है. 8504 व 8505 इन दो मास्टर रोल में 20 मजदूरों को प्रजेंट दिखाया गया है. जबकि, सभी का फोटो समान है. फोटो से फोटो कैप्चरिंग कर गलत तरीके से मजदूरों को भुगतान कर राशि का बंदरबांट करने की योजना बनायी जा रही है. # केस नंबर 06 खरेंदा पंचायत के ग्राम पुनाव में मेन नहर से ब्रह्म स्थान होते रामायण सिंह के खेत तक बाहा सफाई कार्य किया जा रहा है, जिसका वर्क कोड संख्या 0549006, आइसी 20617624 है. इसमें मास्टर रोल संख्या 8467 से 8472 तक 06 मास्टर रोल जारी कर 60 मजदूरों की उपस्थिति दर्ज की गयी है. सभी मास्टर रोल में मजदूरों का नाम अलग-अलग है, लेकिन सभी का फोटो एक है. फोटो से फोटो कैप्चरिंग कर फर्जी भुगतान करने की तैयारी चल रही है. # बोलें प्रभारी पीओ इस संबंध में पूछे जाने पर रामपुर प्रखंड के प्रभारी मनरेगा कार्यक्रम पदाधिकारी शिवकुमार भारती ने कहा कि ऐसा बिल्कुल नहीं हो सकता है कि फोटो से फोटो कैप्चरिंग कर मजदूरों की उपस्थिति दर्ज की जाती हो, लेकिन फिर भी हम इस मामले को देखते हैं.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By VIKASH KUMAR

VIKASH KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >