Kaimur News : शौच के बाद तीन साथियों के साथ घर लौट रहे आठ वर्षीय किशोर का गुरुवार की शाम अचानक पैर फिसल गया और वह सड़क किनारे स्थित गहरे पोखर में जा गिरा. देखते ही देखते किशोर गहरे पानी में समा गया. साथ चल रहे तीनों बच्चे शोर मचाते हुए गांव पहुंचे और ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी. जब तक ग्रामीण मौके पर पहुंचकर किशोर की तलाश शुरू करते, तब तक वह पानी में डूब चुका था. घंटों की मशक्कत के बाद पोखर से उसका शव बरामद किया गया. हादसे में भतौनी गांव निवासी जंगली राय के आठ वर्षीय पुत्र अनुज कुमार की मौत हो गयी.
साथी बच्चों ने गांव पहुंचकर दी सूचना
ग्रामीणों के अनुसार, अनुज गुरुवार की शाम तीन अन्य बच्चों के साथ गांव से कुछ दूरी पर बधार में शौच करने गया था. शौच के बाद चारों बच्चे वापस घर लौट रहे थे. इसी दौरान सड़क के समीप गुजरते समय अनुज का पैर फिसल गया और वह अनियंत्रित होकर बगल के पोखर के गहरे पानी में गिर पड़ा.
अनुज को पानी में गिरते और डूबते देख उसके साथ मौजूद तीनों बच्चे घबरा गये. वे तत्काल गांव की ओर दौड़े और ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी. सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण पोखर के पास पहुंच गये. ग्रामीणों ने पानी में उतरकर काफी देर तक अनुज की तलाश की. कई घंटे की मशक्कत के बाद उसका शव पोखर से बरामद किया जा सका.
रेफरल अस्पताल में चिकित्सकों ने किया मृत घोषित
घटना की सूचना मिलने पर पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि बाबूलाल यादव भी मौके पर पहुंचे और पुलिस को इसकी जानकारी दी. इसके बाद ग्रामीण और परिजन अनुज को लेकर रामगढ़ रेफरल अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भभुआ भेज दिया.
Also Read : कैमूर में अनुमंडलीय अस्पताल में जीएनएम से मारपीट का आरोप, 10 स्वास्थ्यकर्मियों ने एसडीएम से की शिकायत
दो बेटियों के बाद जन्मा था अनुज, इकलौते बेटे की मौत से मातम
जंगली राय के तीन बच्चों में अनुज सबसे छोटा और इकलौता पुत्र था. उसकी दो बहनें हैं, जिनमें एक की शादी हो चुकी है. परिवार के जिस बेटे को घर का सहारा और भविष्य की उम्मीद माना जा रहा था, उसकी अचानक मौत ने पूरे परिवार को तोड़कर रख दिया. बेटे का शव घर पहुंचते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गयी. हादसे के बाद भतौनी गांव में भी मातम पसरा हुआ है.
Also Read : कैमूर NH-219 पर गिट्टी-बालू का कारोबार, राहगीरों और वाहन चालकों की बढ़ी परेशानी
पूर्व राजद प्रत्याशी ने परिजनों को बंधाया ढांढ़स
घटना की जानकारी मिलने के बाद राजद के पूर्व प्रत्याशी अजीत कुमार सिंह भी रेफरल अस्पताल पहुंचे. उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढ़स बंधाया और इस दुख की घड़ी में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया. उन्होंने आपदा के तहत मिलने वाली सरकारी सहायता राशि जल्द दिलाने के लिए विभागीय स्तर पर पहल करने की बात कही.
Also Read : कैमूर में आर्मी जवान को स्कॉर्पियो में जलाया, पीड़ित के बयान पर तीन गिरफ्तार
