Kaimur News : कैमूर जिले के कुदरा थाना क्षेत्र में सोमवार को पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ विशेष छापेमारी अभियान चलाकर 12 लीटर अवैध देसी शराब बरामद की. कार्रवाई के दौरान एक शराब कारोबारी को गिरफ्तार किया गया. वहीं शराब के नशे में हंगामा कर रहे 10 लोगों को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया.
12 लीटर देसी शराब के साथ कारोबारी गिरफ्तार
पुलिस ने थाना क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर छापेमारी कर 12 लीटर अवैध देसी शराब जब्त की. इस दौरान धंधेबाज जमुना राम, पिता स्व. शिवमुनी राम, निवासी धनाढ़ी गांव को गिरफ्तार किया गया. उसके खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
नशे में हंगामा कर रहे 10 लोग गिरफ्तार
अभियान के दौरान पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से शराब के नशे में हंगामा कर रहे 10 लोगों को भी गिरफ्तार किया. गिरफ्तार आरोपितों में राकेश कुमार, रामयश नाथ, नरेंद्र सिंह, खेदु मुसहर, रंजीत कुमार राम, हरिद्वार कुमार, प्रीतम कुमार, अरबिंद कुमार, क्षत्रशाल कुमार और शशिकांत पासवान शामिल हैं.
मेडिकल जांच के बाद भेजे गए जेल
पुलिस के अनुसार, सभी गिरफ्तार आरोपितों की मेडिकल जांच कराई गई, जिसमें शराब सेवन की पुष्टि होने के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. पुलिस ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार और शराब सेवन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा.
